US-Iran शांति समझौते का असर, सेंसेक्स 736 अंक उछला, निफ्टी 23,850 के पार; कच्चे तेल में बड़ी गिरावट

अमेरिका-ईरान शांति समझौते पर सहमति बनने से कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आने और वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच घरेलू शेयर बाजार सोमवार को लगातार दूसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 736 अंक चढ़ गया जबकि निफ्टी में 231 अंक की तेजी रही। अमेरिका एवं ईरान के बीच 107 दिन तक चला संघर्ष खत्म करने के लिए समझौता होने की घोषणा से वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर दबाव कम हुआ है।

ALSO READ: Electric Scooters : भारत के 10 सबसे शानदार इलेक्ट्रिक स्कूटर्स, दमदार रेंज, स्मार्ट फीचर्स और किफायती कीमत का बेहतरीन कॉम्बिनेशन

इस समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहमति बनी है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 736.38 अंक यानी 0.97 प्रतिशत चढ़कर 76,264.33 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,293.12 अंक यानी 1.71 प्रतिशत चढ़कर 76,821.07 अंक तक पहुंच गया था।

 

इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 231 अंक यानी 0.98 प्रतिशत बढ़कर 23,853.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 388.5 अंक यानी 1.64 प्रतिशत चढ़कर 24,011.40 अंक तक चला गया था। यह घरेलू शेयर बाजार में बड़ी तेजी का लगातार दूसरा सत्र रहा। पिछले सत्र में शुक्रवार को भी सेंसेक्स 1,695 अंक चढ़ा था और निफ्टी 461 अंक के लाभ में रहा था।

ALSO READ: Best Electric cars : भारत की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कारें, घर पर चार्ज करने में कितना खर्च, BaaS और फुल ओनरशिप में क्या अंतर? मानसून में EV कितनी सुरक्षित

इस घटनाक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब पांच प्रतिशत लुढ़ककर लगभग 82.90 डॉलर प्रति बैरल रह गई। यह कच्चे तेल के तीन महीने के निचले स्तर के आसपास है।

 

सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटर्नल और मारुति के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,082.18 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।

ALSO READ: Cockroach Janata Party के संस्थापक अभिजीत दीपके को जयपुर में एक शख्स ने जड़ा थप्पड़

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी पांच प्रतिशत से अधिक चढ़ा, जबकि जापान का निक्की भी करीब पांच प्रतिशत मजबूत हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी बढ़त में बंद हुए। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 1,695.40 अंक चढ़कर 75,527.95 अंक और निफ्टी 461.30 अंक बढ़कर 23,622.90 अंक पर बंद हुआ था। Edited by: Sudhir Sharma