इंदौर में चला निगम का बुल्‍डोजर, 100 से ज्‍यादा घर तोड़े, गुटकेश्वर मंदिर से सदर बाजार तक चौड़ी होगी सड़क

bulldozer

सोमवार की सुबह इंदौर में स्‍थित गुटकेश्वर मंदिर से लेकर सदर बाजार रोड तक सड़क चौड़ीकरण निर्माण कार्य में बाधक बन रहे निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। इस दौरान करीब 100 मकानों को ढहाया गया।
निगम के रिमूवल विभाग द्वारा भारी पुलिस बल और पोकलेन-जेसीबी मशीनों के साथ यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई सुबह 8 बजे शुरू हुई।

खबर लिखे जाने तक करीब 80 से 100 मकानों को तोड़ा जा चुका है, प्रशासन ने करीब 85 मकानों को तोड़ने जाने के नोटिस दिया था। रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरिया के मुताबिक कार्रवाई में 9 पोकलेन मशीन, 5 जेसीबी, 100 से अधिक निगमकर्मी मौके पर मौजूद है। हालांकि कई रहवासियों का आरोप है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था, प्लॉट या फ्लैट का मुआवजा दिए बिना ही प्रशासन उनके 4-4 पीढ़ियों पुराने घरों को तबाह कर दिया गया है।

रहवासियों का आरोप, मुआवजा नहीं मिला : स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा बिना किसी उचित मुआवजे या पुनर्वास (प्लॉट/फ्लैट) की वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना ही उनके सालों पुराने मकानों को बेरहमी से तोड दिया गया। इस कार्रवाई से सबसे ज्यादा प्रभावित वो बुजुर्ग, विधवा और निराश्रित लोग हो रहे हैं, जिनके पास सिर ढंकने के लिए कहीं कोई दूसरा विकल्‍प नहीं है।

मास्टर प्लान में 60 फीट चौड़ी होगी सड़क : दरअसल, यह पूरी कार्रवाई मास्टर प्लान के लिए की जा रही है। जिसके तहत इस मार्ग को कुल 60 फीट चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई काफी कम होने के कारण यहां से बड़े वाहनों का गुजरना बेहद मुश्किल होता था। सड़क के 60 फीट चौड़ा हो जाने के बाद न केवल वाहन चालकों को आसानी होगी, बल्कि दोनों तरफ पैदल चलने वालों के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सकेगी।
Edited By: Naveen R Rangiyal