- शिकायत के बाद मेस बंद, खाद्य विभाग की टीम सक्रिय
- टीम ने आटा और घी के नमूने जांच के लिए भोपाल लैब भेजे
- एक हफ्ते में 15 छात्राएं बीमार, उल्टी, इंफेक्शन और पेट दर्द
इंदौर के साउथ तुकोगंज स्थित मधुर गर्ल्स हॉस्टल में दूषित खाने को लेकर परिजनों ने विरोध जताया है। हॉस्टल में रहने वाली 10 से 15 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद यह खुलासा हुआ है। मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है।
होस्टल में रहने वाली एक छात्रा के पिता ने अपना नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर वेबदुनिया को बताया कि उनकी बेटी की भी तबीयत बिगड गई है। उन्होंने बताया कि बेटी ने बताया कि पीने के पानी में मकडी के जाले निकल रहे थे, उसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई और गले में इंफेक्शन हो गया।
खाने में कीड़े-मकोड़े और बाल : होस्टल की अन्य छात्राओं ने मेस के खाने में कीड़े-मकोड़े और लंबे बाल मिलने के आरोप लगाए हैं। बता दें कि यहां 10, 11 और बारहवीं की छात्राएं रहती हैं, जो अलग अलग कोचिंग संस्थानों में परीक्षाओं की तैयारी करती हैं।
शिकायत के बाद मेस बंद : घटना के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजन हॉस्टल पहुंचे और विरोध जताया। हंगामे के बाद शनिवार को खाद्य विभाग की टीम मेस की जांच के लिए पहुंची। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने के बाद मेस को बंद कर दिया गया। जांच में मेस में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही मिलने पर मेस को तत्काल बंद करा दिया गया। टीम ने आटा और घी के नमूने जांच के लिए भोपाल लैब भेजे हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।
एक हफ्ते में 15 बीमार : बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह में कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं हॉस्टल प्रबंधन का दावा है कि बीमार हुई छात्राएं बाहर से खाना मंगाकर खा रही थीं, जबकि हॉस्टल मेस में भोजन करने वाली सभी छात्राएं पूरी तरह स्वस्थ हैं।
चेंबर के पास बनता है खाना : हॉस्टल की छात्राओं ने बताया कि जहां हॉस्टल का खाना बनता है, उसके ठीक पास ही चेंबर (गटर) है। इस भारी गंदगी के बीच ही रसोइया खाना तैयार करता है। छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया, “एक महीने से हम नरक झेल रहे हैं। खाने में से कीड़े निकल रहे हैं। दो-दो बार चावल के अंदर से सिगरेट के टुकड़े (बड्स) निकले हैं। खाने में कंकड़ और बाल मिलना तो रोज की बात है। आरोप हैं कि जब छात्राएं इसकी शिकायत करने गईं तो उसने लाइव सबूत मांगे गए।
लिवर और आंतों का इन्फेक्शन : छात्राओं ने मीडिया को अपनी मेडिकल रिपोर्ट दिखाते हुए बताया, गंदे पानी के कारण एक छात्रा को गले में गंभीर इन्फेक्शन हो गया, जिसके बाद उसे गोकुलदास अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। अब वह बाहर से कैंपर का पानी मंगाकर पीने को मजबूर है। आरोप है कि कई छात्राओं को पिछले तीन-चार दिनों से लगातार उल्टियां हो रही हैं। हॉस्टल में रह रही कई लड़कियों को लिवर इन्फेक्शन, पेट दर्द और आंतों का इन्फेक्शन हो गया है।
Edited By: Naveen R Rangiyal









