ज्येष्ठ मास के सातवें मंगलवार पर हुआ विशाल हनुमान भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

ज्येष्ठ मास के सातवें मंगलवार के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की जनसंपर्क टीम द्वारा भक्त शिरोमणि श्री हनुमान जी महाराज का वृहद भंडारा आयोजित किया गया। धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता के इस आयोजन में राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर हनुमानजी का प्रसाद ग्रहण किया।

 

कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ किया गया। भंडारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

 

 इस अवसर पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने विधिवत रूप से भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों, अधिकारियों तथा श्रद्धालुओं का स्वागत किया और स्वयं प्रसाद वितरण में भी भाग लिया।

 

 सूचना निदेशक ने कहा कि ज्येष्ठ मास के मंगलवार का विशेष धार्मिक महत्व है। भगवान हनुमान की आराधना से श्रद्धालुओं को शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

 

भंडारे के दौरान भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर रहा। आयोजन में आए श्रद्धालुओं ने व्यवस्था और सेवा भाव की सराहना करते हुए इसे सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताया।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल प्रसाद वितरण ही नहीं बल्कि समाज में आपसी सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना भी था। आयोजन में शामिल लोगों ने भगवान हनुमान से देश और प्रदेश की खुशहाली तथा जनकल्याण की प्रार्थना की।  Edited by : Sudhir Sharma