नागपुर में एयरफोर्स अफसर की पत्नी से हैवानियत, रेप, ब्लैकमेल कर धर्मांतरण की कोशिश

crime photo

महाराष्ट्र के नागपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नागपुर में भारतीय वायुसेना के एक अफसर की 24 साल की पत्नी से नशीला पदार्थ देकर  रेप, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।  मामले से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।

ALSO READ: E20 पेट्रोल से इंजन खराब हुआ तो क्या इंश्योरेंस क्लेम मिलेगा? सरकार ने बताई सचाई, क्या बोलीं बीमा कंपनियां

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वायरल वीडियो में एक महिला परेशान हालत में बार-बार 'मुझे छोड़ दो' कहती दिखाई दे रही है, जबकि एक व्यक्ति उसका हाथ पकड़कर धार्मिक मंत्र या आयतें पढ़ता नजर आ रहा है। पुलिस इस वीडियो समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। शिकायत के बाद दो आरोपी गिरफ्तार मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने नागपुर के सोनेगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने अपनी शिकायत में कई महीनों तक यौन शोषण, धमकी और जबरदस्ती किए जाने के आरोप लगाए हैं।

 

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे (26) और उसके सहयोगी अमीन शेख (30) को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया निवासी हजरत मौलाना, फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

 

जमीन खरीदने के बहाने बुलाया होटल

एफआईआर के अनुसार, पीड़िता नागपुर में प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़ी हुई है और मुख्य आरोपी अय्याज मदारे उसका स्कूल के समय का परिचित था। महिला का आरोप है कि आरोपी ने एक मित्र के लिए जमीन खरीदने का बहाना बनाकर उससे दोबारा संपर्क किया और 8 फरवरी 2025 को वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाया। महिला का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पेय पदार्थ दिया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे पता चला कि उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बिना अनुमति के रिकॉर्ड कर लिए गए थे।

वीडियो दिखाकर की ब्लैकमेलिंग

पीड़िता का आरोप है कि बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल उसे ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि वह उनकी बात नहीं मानेगी तो वीडियो सार्वजनिक कर दिए जाएंगे और उसके पति को भी भेजे जाएंगे। महिला ने पुलिस को बताया कि इस दौरान उससे करीब 4 लाख रुपये भी वसूले गए।

जबरन धार्मिक अनुष्ठान कराने का आरोप

एफआईआर में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे बार-बार तथाकथित धार्मिक और आध्यात्मिक अनुष्ठानों में शामिल करता था। कथित तौर पर उसे एक बोतल में लाया गया तरल पदार्थ पिलाया जाता था, उर्दू में कुछ पढ़ा जाता था और उसके चेहरे पर फूंक मारने के बाद उसका यौन शोषण किया जाता था। महिला का दावा है कि आरोपी इन गतिविधियों को सम्मोहन और काले जादू का हिस्सा बताता था।

ALSO READ: नागौद राजघराने में साहब, बीवी और सौतन — हवस, धोखे और खून से सनी राजसी दास्तान

धर्म परिवर्तन और निकाह का आरोप

पीड़िता के अनुसार, 31 मई को उसे नागपुर के पास कलमेश्वर ले जाया गया, जहां उसकी मुलाकात हजरत मौलाना से कराई गई। महिला का आरोप है कि उसकी इच्छा के विरुद्ध उसे एक धार्मिक समारोह में शामिल किया गया और बार-बार “कबूल है” कहलवाया गया। शिकायत के मुताबिक, बाद में मौलाना ने उसे इस्लाम धर्म स्वीकार करने और अय्याज मदारे से निकाह होने की घोषणा कर दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अनुष्ठान के दौरान उसे मांस खाने के लिए मजबूर किया गया।

 

पति को बताने के बाद दर्ज हुई शिकायत

 

महिला का कहना है कि वीडियो वायरल करने की धमकियों के कारण वह कई महीनों तक चुप रही। हाल ही में जब उसके पति नागपुर लौटे तो उसने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।

 

कई धाराओं में मामला दर्ज

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी और कथित धर्म परिवर्तन से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही महाराष्ट्र मानव बलि एवं अन्य अमानवीय, अघोरी और काला जादू निवारण कानून के तहत भी कार्रवाई की गई है। अदालत ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस कर रही गहन जांच

 

 पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। फिलहाल आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच की जा रही है। वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की जा रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।  Edited by : Sudhir Sharma