ब्राजील में एडवेंचर स्पोर्ट्स के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बंजी जंपिंग के दौरान सुरक्षा रस्सी (सेफ्टी रोप) नहीं बंधने के कारण 21 वर्षीय युवती करीब 40 मीटर ऊंचाई से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रीटास के रूप में हुई है। वह फिजिकल एजुकेशन और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट की स्नातक थीं। यह हादसा शनिवार सुबह साओ पाउलो राज्य के अंदरूनी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध एडवेंचर स्पोर्ट्स स्थल “पोंटे डो एस्केलेतो” (स्केलेटन ब्रिज) पर हुआ।
सैन्य पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंजी जंपिंग शुरू होने से पहले सुरक्षा उपकरणों को सही तरीके से नहीं बांधा गया था। जैसे ही युवती को प्लेटफॉर्म से छोड़ा गया, वह लगभग 40 मीटर नीचे गिर गई और गंभीर चोटों का शिकार हो गई।
मौके पर पहुंचे पैरामेडिक्स और दमकलकर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन घटनास्थल पर ही उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे से कुछ समय पहले मारिया ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मजाकिया अंदाज में एक पोस्ट साझा किया था। उन्होंने लिखा था, “वह पागल इंसान कौन था जिसने मुझे पुल से कूदने की अनुमति दी?” हादसे के कुछ घंटों बाद उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हटा दिया गया।
A 21-year-old woman died during a 40-meter rope jump in Limeira, Brazil, after organizers forgot to attach the safety rope.pic.twitter.com/ECloIDRf2j
— Clash Report (@clashreport) June 13, 2026
मारिया सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और अक्सर अपनी दिनचर्या, फिटनेस, प्रकृति और स्वास्थ्य से जुड़ी तस्वीरें एवं पोस्ट साझा करती थीं। हाल ही में उन्होंने फिजिकल एजुकेशन और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में स्नातक की डिग्री हासिल की थी। वह ग्रेटर साओ पाउलो के जांदीरा शहर की निवासी थीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही कैसे हुई। Edited by : Sudhir Sharma
