अखिलेश की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी से CM योगी नाराज, 4 के खिलाफ FIR

yogi aaditynath

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में जनसभा के दौरान कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणियां की थीं। जैसे मेरे संज्ञान में आया मैंने तत्काल पुलिस से कहा इसमें एफआईआर दर्ज कराओ। सीएम योगी के निर्देश पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

 

उन्होंने कहा कि बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं होनी चाहिए। बेटी, बेटी होती है और हम उस संस्कार में पले बढ़े हैं, जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी, गांव की बहन सबकी बहन।

 

सीएम योगी ने कहा कि हमने तो कोई भेदभाव नहीं किया, लेकिन अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हो अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दो कि अपनी भाषा को संयम कर लें। दूसरों के प्रति टिप्पणी करने के पहले स्वयं भी सोचा करो कि उनके लोग किस प्रकार की भाषा का प्रयोग बेटियों, बहनों के प्रति करते हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए अखिलेश को अपने लोगों को संस्कारित करना चाहिए। अच्छा होगा कि उनको समझाओ और नहीं समझ सकते तो हमारे हवाले कर दो, हम उनको अच्छा तरह समझा देंगे।

 

अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव (23) को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में गुरुवार को कानपुर-प्रतापगढ़ में FIR दर्ज हुई। कानपुर में भरत पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद यादव और प्रतापगढ़ में शीतला सुजान कवि नाम की आईडी पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया पर अदिति के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की। इससे समाज में अखिलेश यादव और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई।

edited by : Nrapendra Gupta