टाटा मोटर्स और PNB समेत ये बड़ी कंपनियां दे रही हैं तगड़ा डिविडेंड! दांव लगाने के लिए बचे हैं सिर्फ 24 घंटे

dividend in june

जून के इस हफ्ते में टाटा मोटर्स, अडाणी इंटरप्राइजेस, Canara Bank और PNB जैसी बड़ी कंपनियां अपना भारी डिविडेंड (Dividend) देने जा रही हैं। अडानी ग्रुप और टाटा ग्रुप की कई कंपनियां ने भी भारी डिविडेंड देने की तैयारी कर रही है। इन कंपनियों से डिविडेंड लेने के लिए आपको 12 जून तक इनके शेयर लेने होंगे। आईटी कंपनी इंफोसिस ने पहले ही निवेशकों को 25 रुपए डिविडेंड देने का एलान कर दिया था। 

 

क्या होता है डिविडेंड?

डिविडेंड वह रकम होती है जो कंपनियां अपने मुनाफे का एक हिस्सा शेयरधारकों को देती हैं। जिन निवेशकों के पास रिकॉर्ड डेट तक कंपनी के शेयर होते हैं, उन्हें डिविडेंड का लाभ मिलता है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि केवल डिविडेंड पाने के लिए किसी शेयर में निवेश करना सही नहीं है। निवेशकों को कंपनी के बिजनेस, वित्तीय स्थिति, भविष्य की संभावनाओं और वैल्यूएशन को भी ध्यान में रखना चाहिए।

 

पंजाब नेशनल बैंक ने 3 रुपए और केनरा बैंक ने 4.2 रुपए डिविडेंड देने का एलान किया है। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल ने 12.4 रुपए प्रति शेयर लाभांश की घोषणा की है। इन सभी कंपनियों ने डिविडेंड के लिए एक्स डेट 12 जून रखी है। 

 

अडाणी और टाटा ग्रुप भी कंपनियां भी देगी लाभांश

अडाणी पोर्ट्स, अडाणी इंटरप्राइजेस, अडाणी टोटल गैस, अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस और अंबूजा सिमेंट समेत अडानी समूह की कई कंपनियों ने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड देने का एलान किया है। इसके लिए एक्स डेट 12 जून है। टाटा स्टील और टाटा मोटर्स जैसी दिग्गज कंपनियां भी इस बार निवेशकों को 4 रुपए प्रति शेयर का डिविडेंड दे रही हैं। बेहतर लाभांश के लिए इसके शेयर भी आप 12 जून तक खरीदें जा सकते हैं।

 

SBI ने सरकार को दिया लाभांश

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने सोमवार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को 8,813 करोड़ रुपए का लाभांश चेक सौंपा। यह डिविडेंड भुगतान बैंक के मजबूत प्रदर्शन को दर्शाता है।

 

इंफोसिस ने किया 25 रुपए प्रति शेयर डिविडेंड

आईटी कंपनी इंफोसिस ने इस बार 25 रुपए प्रति शेयर डिविडेंड देने का फैसला किया है। निवेशकों को 10 जून तक खरीदे गए कंपनी के शेयरों पर डिविडेंड मिलेगा। कंपनी 45वीं बार डिविडेंड देने जा रही है। इससे पहले कंपनी ने 2025 में एक्स डिविडेंड ट्रेड किए थे। तब योग्य निवेशकों को प्रति शेयर 23 रुपए का लाभ मिला था।

भुगतान की समयसीमा

अगर किसी कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में डिविडेंड की सिफारिश या घोषणा की जानी है, तो कंपनी को इसकी सूचना कम से कम 2 कार्य दिवस पहले स्टॉक एक्सचेंज (NSE/BSE) को देनी होती है। रिकॉर्ड डेट की घोषणा और बोर्ड मीटिंग के बीच कम से कम 7 कार्य दिवसों का अंतर होना जरूरी है। कंपनी लॉ और सेबी के नियमों के अनुसार, AGM में डिविडेंड को मंजूरी मिलने या बोर्ड द्वारा अंतरिम (Interim) डिविडेंड घोषित होने के 30 दिनों के भीतर इसका भुगतान शेयरधारकों के खातों में हो जाना चाहिए।

 

कितना टीडीएस कटता है

आयकर नियमों के मुताबिक, यदि किसी वित्तीय वर्ष में आपका कुल डिविडेंड 5,000 रुपए (या नए प्रावधानों के तहत 10,000 रुपए) से अधिक होता है, तो कंपनियां भुगतान करने से पहले 10% TDS काटती हैं। यदि पैन कार्ड लिंक नहीं है, तो यह कटौती 20% तक हो सकती है।

अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।

edited by : Nrapendra Gupta