कानपुर। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रावतपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने उड़ीसा से गांजा लाकर शहर में सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि आरोपी तेजस एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में सफर कर ट्रॉली बैग में गांजा भरकर लाते थे, ताकि किसी को शक न हो सके।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र निवासी अकबर अली उर्फ चिंगारी, काकादेव निवासी उमेश चंद्र राजपूत उर्फ अश्वनी और फतेहगढ़ की रहने वाली सलमाना बेगम शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से करीब 50 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
