नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर काशी के यूपी कॉलेज में बीएससी स्टूडेंट की गोली मारकर हत्या को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की संत प्रेमानंद से मुलाकात से जुड़ी है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- काशी के यूपी कॉलेज में BSC छात्र की हत्या; गाड़ियां तोड़ीं- 3 प्रोफेसर घायल वाराणसी के यूपी कॉलेज कैंपस में B.Sc छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने क्लासरूम के बाहर 4 गोलियां मारीं। पिस्टल कूड़े के ढेर में फेंककर फरार हो गया। आरोपी भी यहीं का स्टूडेंट है। हत्या के बाद गुस्साए छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। पथराव किए, गाड़ियां तोड़ी, दुकानें बंद कराई। 3 प्रोफेसर घायल हो गए। इकलौते बेटे की लाश देख मां बेहोश हुई। पूरी खबर पढ़ें 2- राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर संत प्रेमानंद को प्रणाम किया; परिवार के साथ वृंदावन पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मथुरा में संत प्रेमानंद से मुलाकात की। प्रणाम किया तो महराज ने राधे-राधे कहकर आशीर्वाद दिया। वह परिवार के साथ वृंदावन आश्रम पहुंची थीं। आश्रम में राष्ट्रपति का संतों ने माला-चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। 25 मिनट तक चर्चा की। इसके बाद रामकृष्ण मिशन हास्पिटल पहुंची और कैंसर यूनिट का उद्घाटन किया। राज्यपाल आनंदीबेन भी मौजूद रहीं। पूरी खबर पढ़ें 3- यूपी के 25 जिलों में बारिश- 5 जगह ओले गिरे, बिजली गिरने से 5 की मौत लखनऊ में तेज हवा के साथ बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। प्रयागराज, मथुरा अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर और सिद्धार्थनगर में भी तेज बारिश के साथ ओले गिरे। कानपुर, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, काशी समेत 25 से ज्यादा जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई। प्रयागराज, बलरामपुर, बहराइच और मिर्जापुर में बिजली गिरने से 3 किसानों समेत 5 की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 4- सपा के पूर्व सांसद फिल्म ‘धुरंधर’ पर भड़के, इमरान मसूद बोले- बकवास पिक्चर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में अतीक अहमद के किरदार और नोटबंदी को मास्टर स्ट्रोक दिखाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने फिल्म को बकवास बताया। सपा पूर्व सांसद एसटी हसन ने कहा- अतीक का पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से कोई संबंध था या नहीं, इसका कोई आधार नहीं। AIMIM नेता ने कहा- मुसलमानों को टारगेट किया जा रहा। पूरी खबर पढ़ें 5- सैफई मेडिकल कॉलेज में सफाईकर्मी ने महिला से किया रेप, डॉक्टर सहित 13 स्टाफ हटाए गए इटावा के सैफई मेडिकल कॉलेज में 40 साल की मानसिक बीमार महिला के साथ सफाई कर्मचारी दुष्कर्म कर रहा था। वह टॉयलेट में ले जाकर दरिंदगी करता था। इसका खुलासा तब हुआ, जब महिला रुटिन चेकअप में 5 महीने की गर्भवती मिली। एफआईआर के बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया। विभागाध्यक्ष हटाए गए जबकि अन्य 13 कर्मचारियों का ट्रांसफर हुआ। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- आगरा में पिता, बेटा-बहू और पोती समेत 5 की मौत, नवरात्रि पर दर्शन करके लौट रहे थे आगरा में श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पिता, बेटा, बहू, पोती और नाती शामिल हैं। तीन लोग घायल हैं। सभी नवरात्रि के पहले दिन इटावा से राजस्थान के कैलादेवी मंदिर के दर्शन करने गए थे। लौटते समय ड्राइवर को झपकी आई तो 20 साल का नाती ड्राइव करने लगा। 15 मिनट बाद हादसा हो गया। पूरी खबर पढ़ें 7- पवन सिंह की मुश्किलें बढ़ीं; हरियाणवी एक्ट्रेस ने महिला आयोग से शिकायत की भोजपुरी स्टार पवन सिंह फिर मुश्किल में फंस गए हैं। हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव ने कमर छूने के मामले में पवन सिंह के खिलाफ महिला आयोग को शिकायत भेजी है। रैपर बादशाह के मामले में हरियाणा महिला आयोग के सख्त रवैये के बाद अंजलि ने शिकायत करने की हिम्मत जुटाई। सारे सबूत आयोग को ईमेल किए हैं। अंजलि ने कहा- पवन ने गलत तरीके से कमर छुई। पूरी खबर पढ़ें 8- केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी; पं. बंगाल से आई कॉल केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है। उनके असिस्टेंट को 17 मार्च की रात को फोन पर कॉल करके धमकी दी गई है। कॉल पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से अनजान नंबर से आया था। यह धमकी उनको बंगाल दौरे से लौटने के बाद मिली। उनका टूर प्लान भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया गया। दिल्ली और पश्चिम बंगाल पुलिस जांच कर रही। पूरी खबर पढ़ें 9- बागपत ADM कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाकर हुए बीमार; 4 जिलों में 64 हुए बीमार बागपत में नवरात्रि के पहले दिन व्रत रखे एडीएम की कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी खाने से तबीयत बिगड़ गई। उल्टियां और चक्कर आने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ADM के बीमार होने की सूचना पर खाद्य विभाग ने दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। बागपत में 10 लोगों के अलावा बरेली में 6, बुलंदशहर में 38 और बिजनौर में 10 लोग भी बीमार। पूरी खबर पढ़ें 10- लखनऊ में जहर खाकर मां-बेटे ने जान दी- पिता गंभीर, जेब में मिला सुसाइड नोट लखनऊ में एक ही परिवार के तीन लोगों ने जहर खा लिया। मां और बेटे की मौत हो गई। पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को बेटे की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है- ‘ हम लोग आत्महत्या कर रहे हैं। इससे परिवार से कोई मतलब नहीं है। हम अपने आप तीन लोग आत्महत्या कर रहे हैं।’ तीनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आ सकी है। पूरी खबर पढ़ें 11- धर्मेंद्र यादव बोले- बुलडोजर की चाबी भाजपाइयों के लिए खो जाती, एक्शन केवल PDA-ब्राह्मणों पर आजमगढ़ सपा सांसद धर्मेंद्र यादव बोले- योगी का बुलडोजर सिर्फ PDA-ब्राह्मणों पर चलता। भाजपाइयों के टाइम चाबी खो जाती। उन्होंने बदायूं के HPCL दोहरे हत्याकांड को लेकर योगी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि सरकार कार्रवाई में भेदभाव करती है। भाजपा विधायक राजीव सिंह बब्बू और उनके भाई को बचाया जा रहा। पीड़ित परिवार को इंसाफ का भरोसा दिलाया। पूरी खबर पढ़ें 12- प्रयागराज में कमांडो फंदे पर लटका मिला, दो दिन पहले आखिरी बार दिखा था प्रयागराज में पुलिस कमिश्नर के एस्कॉर्ट में तैनात 29 वर्षीय कमांडो कृपाल सिंह का शव शुक्रवार को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। वह कैंट क्षेत्र में एक मकान में किराए पर रहते थे। उनका कमरा थर्ड फ्लोर पर था। सुबह मकान मालिक ने झांक कर देखा तो घटना की जानकारी हुई। कमरा अंदर से बंद था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। अभी वजह स्पष्ट नहीं है। पूरी खबर पढ़ें 13- पूर्व सांसद उमाकांत यादव की जेल में तबीयत बिगड़ी, जौनपुर से BHU रेफर जौनपुर जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व सांसद उमाकांत यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार सुबह सीने में दर्द के बाद उनको जेल अस्पताल लाया गया। डॉक्टर्स ने जांच के बाद उनको BHU रेफर कर दिया। वे GRP सिपाही हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। वे 1991, 1993 और 1996 में विधायक रहे; 2004 में मछलीशहर से सांसद चुने गए थे। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- पति ने बर्तन धुलने से इनकार किया, पत्नी ने पुलिस बुलाई बस्ती जिले के एक घर में पत्नी ने पति को बर्तन धुलने को कहा। पति ने इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों में झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर पत्नी ने डायल 112 पर कॉल पर पुलिस बुला ली। पत्नी ने उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया। बाद में पुलिस को पता चला कि पत्नी ने पति को बर्तन धुलने को कहा था। फिर पुलिस ने समझौता कराया और मामले को रफा-दफा कराया। पूरी खबर पढ़ें कैसा रहेगा कल का मौसम… 15- यूपी के कई हिस्सों में बारिश और ओले की आशंका 21 मार्च को यूपी के कई हिस्सों में बारिश और ओले की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी में तेज हवाएं चल सकती हैं। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
