औरैया सदर से भाजपा विधायक गुड़िया कठेरिया ने अपने चार साल के कार्यकाल, क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने अपने कामकाज को 10 में 10 नंबर देते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री के सहयोग से क्षेत्र में कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं। उनका कहना है कि महिलाओं का रोजगार और सड़क सुरक्षा मेरी प्राथमिकता में है। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने विधायक से खास बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले 4 साल के कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगी?
जवाब: जहां तक मेरे कामकाज का सवाल है, मैं खुद को 10 में 10 नंबर देना चाहती हूं। मैंने जब से जिम्मेदारी संभाली है, लगातार मुख्यमंत्री से मिलकर अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य कराए हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था भी मजबूत हुई है। सवाल: आपके कार्यकाल का सबसे बड़ा काम कौन सा रहा?
जवाब: सबसे बड़ा काम औरैया में शेरगढ़ घाट पुल का निर्माण है। इससे जालौन और औरैया के बीच आवागमन और व्यापार सुचारु हुआ है। पहले लोगों को काफी दिक्कत होती थी। इसके अलावा भीखेपुर-जुहीखा पुल का निर्माण स्वीकृत कराया गया, जिससे बाढ़ प्रभावित गांवों को राहत मिलेगी। पढ़ीन गांव में 1 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से उत्सव भवन स्वीकृत कराया गया है, जिससे गरीब बेटियों की शादी के लिए निशुल्क गेस्ट हाउस की सुविधा मिलेगी। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जो अभी नहीं हो पाया?
जवाब: अधिकतर काम पूरे हो चुके हैं। जो कुछ बाकी हैं, उन्हें कार्यकाल पूरा होने तक पूरा करने का प्रयास है। महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब परिवार का कमाने वाला सदस्य नहीं रहता। हम प्रयास कर रहे हैं कि ऐसे उद्योग लगें, जहां इन महिलाओं को रोजगार मिल सके। सड़क निर्माण में भी काम हुआ है। जुहीखा सड़क 23 करोड़ और मुरादगंज-फफूंद सड़क 13 करोड़ की लागत से बनवाई गई। मंडी समिति के जीर्णोद्धार के लिए 6.5 करोड़ रुपए स्वीकृत कराए गए हैं। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट की दावेदार हैं?
जवाब: मैंने हमेशा समाजसेवा की है। पार्टी को उचित लगेगा तो टिकट जरूर देगी। मुझे विश्वास है और मैं दावेदारी भी करूंगी। निष्पक्ष काम किया है। अगर पार्टी मौका देगी तो फिर से जीत हासिल करूंगी। सवाल: औरैया-दिबियापुर मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर आपका क्या कहना है?
जवाब: हमने इस सड़क को फोरलेन बनाने की मांग कई बार उठाई है। बीच में इसकी स्वीकृति की बात हुई थी, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब फिर से प्रस्ताव भेजा गया है और उम्मीद है कि चुनाव से पहले इसे स्वीकृति मिल जाएगी। इस सड़क पर दुर्घटनाएं ज्यादा होती हैं, इसलिए इसे फोरलेन बनाना जरूरी है। जिलाधिकारी भी इस पर काम कर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि इस बार यह काम जरूर होगा।
