गोरखपुर के पुर्दिलपुर इलाके में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के उद्देश्य से सिटी पॉलीक्लिनिक शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने इसका उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। क्लिनिक शुरू होने से अब आसपास के लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा अपने ही क्षेत्र में मिल सकेगी। पुर्दिलपुर सिटी पॉलीक्लिनिक में फिजिशियन, स्त्री रोग, श्वसन रोग और बाल रोग के विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं देंगे। यहां रोजाना दो विशेषज्ञ सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मरीजों को देखेंगे। यह सुविधा सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध रहेगी, जिससे कामकाजी लोगों को भी इलाज में आसानी होगी। मुफ्त दवा और जांच की सुविधा क्लिनिक में मरीजों के लिए 195 प्रकार की दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। साथ ही 27 तरह की जांचें यहीं की जाएंगी, जबकि 46 जांचों के लिए सैम्पल अन्य केंद्रों पर भेजे जाएंगे। इससे मरीजों को बड़े अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और समय व खर्च दोनों की बचत होगी। महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है। सिटी पॉलीक्लिनिक जैसी पहल से आम लोगों को बेहतर और सुलभ इलाज मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में ऐसी सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। बसंतपुर मॉडल से मिली सफलता सीएमओ डॉ राजेश झा ने बताया कि शहर के बसंतपुर में पहले से सिटी पॉलीक्लिनिक संचालित है, जहां दिसंबर से अब तक 1670 लोग विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ ले चुके हैं। वहीं सितम्बर से फरवरी के बीच 4109 लोगों को स्थानीय स्तर पर पैथालॉजिकल जांच की सुविधा दी गई। उद्घाटन के मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें एसीएमओ डॉ एके चौधरी, डॉ विनय पांडेय, अरविंद पांडेय, पंकज आनंद, डॉ प्रीति सिंह, डॉ अनुला गुप्ता और सुरेश सिंह चौहान सहित अन्य लोग शामिल रहे।
