जिले में कई दिनों की भीषण गर्मी और उमस के बाद शुक्रवार को मौसम ने करवट ली। सुबह 11 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक फैल गई। सड़कों पर लोगों ने बारिश से बचने के लिए आश्रय ढूंढा, वहीं कुछ लोगों ने सुहावने मौसम का आनंद भी लिया। इसी दौरान प्रकृति का एक मनमोहक दृश्य भी सामने आया। नगर क्षेत्र में हनुमान मंदिर से नहर बाला गंज जाने वाले रास्ते पर, विशेषकर एमएलटीडी तटबंध के पास, मोरों का एक बड़ा झुंड खुले में आ गया। काली घटाओं और हल्की बारिश के बीच मोरों का विचरण लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया। मोरों की मधुर आवाज ने वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। इस दृश्य को देखने के लिए राहगीर भी कुछ देर के लिए रुक गए और अपने मोबाइल फोन में इन पलों को कैद करते दिखे।
