UP Weather: यूपी में भीषण गर्मी को हो जाइए तैयार, जारी हुई ये खतरनाक चेतावनी; जानें अन्य राज्यों का भी हाल

UP Weather, HeatWave Alert: देशभर में तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। आने वाले दिनों में कई राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए खतरनाक चेतावनी जारी करते हुए बताया गया है कि कल (5 अप्रैल) से 9 अप्रैल तक हीटवेव की स्थिति देखने को मिलेगी। यानी कि भयंकर गर्मी पड़ने जा रही है। इसके अलावा, सौराष्ट्र, कच्छ, दक्षिणी हरियाणा, दिल्ली में भी 4-9 अप्रैल के बीच हीटवेव का अलर्ट है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में 5-7 अप्रैल, पंजाब, गुजरात में 6-9 अप्रैल, पश्चिमी राजस्थान में 5-10 अप्रैल, गुजरात में 6-8 अप्रैल, पूर्वी राजस्थान में 6-10 अप्रैल, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7-10 अप्रैल के बीच हीटवेव की स्थिति देखने को मिलेगी। वहीं, गुजरात में 4-10 अप्रैल, कोंकण और गोवा में 5-9 अप्रैल के बीच हॉट एंड ह्यमिड वेदर रहेगा। उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में अगले छह दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। मध्य भारत में भी हफ्तेभर में चार डिग्री तक पारा बढ़ जाएगा। महाराष्ट्र की बात करें तो अगले सात दिनों में यहां तीन से चार डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने का अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात में 24 घंटे बाद चार दिनों में पारा तीन डिग्री तक बढ़ेगा। दक्षिण के राज्यों में भी अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिलने वाली है।
इसके अलावा, कई राज्यों में बारिश होने की भी संभावना है। अंडमान और निकोबार, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत में चार से छह अप्रैल, महाराष्ट्र में चार और पांच अप्रैल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, और मध्य भारत में चार अप्रैल को बारिश होगी। वहीं, आंधी तूफान व बिजली कड़कने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इतना ही नहीं, झारखंड में चार अप्रैल, असम, मेघालय में पांच अप्रैल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में छह अप्रैल को ओले गिरेंगे। वहीं, केरल, माहे में चार से छह अप्रैल, तमिलनाडु, साउथ इंटीरियर कर्नाटक में चार और पांच अप्रैल, असम, मेघालय में पांच और छह अप्रैल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में छह अप्रैल, अरुणाचल प्रदेश में पांच अप्रैल, अंडमान व निकोबार में चार और छह अप्रैल को भारी बारिश होने जा रही है।
www.livehindustan.com