शेरनी उमा के ब्लड में इंफेंक्शन, प्लेटलेट्स महज 80 हजार मिला
Kanpur News – कानपुर चिड़ियाघर की शेरनी उमा के ब्लड में बैक्टीरियल इंफेक्शन मिला है। उसकी प्लेटलेट्स की संख्या आधी हो गई है, लेकिन एंटी बैक्टीरियल इंजेक्शन से वह थोड़ी सक्रिय हुई है। सभी पशु-पक्षी स्वस्थ हैं और…

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। शेरनी उमा के ब्लड में बैक्टीरियल इंफेक्शन मिला है। पांच दिन से खाना न खाने और तबीयत खराब रहने से प्लेटलेट्स की संख्या घटकर आधी हो गई है। हालांकिक एंटी बैक्टीरियल इंजेक्शन लगने से उमा थोड़ी सक्रिय हुई है। शुक्रवार को भाई शंकर के साथ अपने-अपने बाड़े चहलकदमी भी की। फिलहाल, ताकत बढ़ाने के लिए पानी में विटमिंस दिया जा रहा है। भैंसे के मीट का सूप भी दिया गया। बर्ड फ्लू के खतरे के बीच छह दिन पहले उमा की तबीयत नासाज हुई थी। चिड़ियाघर प्रशासन ने सजगता के तौर पर तत्काल स्वाब सैंपल लेकर जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेज दिया था।
बर्ड फ्लू रिपोर्ट निगेटिव आने पर चिड़ियाघर प्रशासन ने राहत की सांस ली। तबीयत में कोई सुधार न होने पर चिकित्सकों ने ब्लड टेस्ट कराया। ब्लड में बैक्टीरियल इंफेक्शन पाया गया। इसके अलावा प्लेटलेट्स कम से कम 1.5 लाख की जगह 80 हजार ही पाई गई। सुबह-शाम 12 घंटे के अंतराल पर इंजेक्शन लग रहा है। चार दिन बाद यदि तबीयत ठीक नहीं होती है, तो कल्चर जांच कराई जाएगी। ताकि, यह पता चल सके कि ब्लड में किस बैक्टीरिया का संक्रमण है। बैक्टीरिया के हिसाब से इलाज किया जाएगा। चिड़ियाघर में सभी पशु-पक्षी स्वस्थ पशु-पक्षियों के बर्ड फ्लू के सभी सैंपल निगेटिव पाए जाने के बाद चिड़ियाघर में अफसर राहत में हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई भी चूक नहीं कर रहे हैं। परिसर में सैनिटाइजेशन और चूने का छिड़काव किया जा रहा है। उमा शेरनी को छोड़ सभी पशु-पक्षी स्वस्थ बताए जा रहे हैं। वहीं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आईडीएन चतुर्वेदी ने बताया कि जिलेभर में बर्ड फ्लू को खतरे को लेकर हालात सामान्य है। किसी भी पशु-पक्षी की अस्वाभाविक मौत नहीं हुई है। चिड़ियाघर से बर्ड फ्लू का खतरा टल गया है। फिर भी, सतर्कता पूरी बरती जा रही है। ताकि, दोबारा बर्ड फ्लू का संक्रमण न हो सके। शेरनी उमा को बैक्टीरिया इंफेक्शन मिला है। इलाज चल रहा है। जल्द ही स्वस्थ हो जाएगी। श्रद्धा यादव, निदेशक कानपुर चिड़ियाघर