पिटाई में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत

Kanpur News – पुखरायां, संवाददाता। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के अकबरनगर के एक युवक की गांव के

Newswrap हिन्दुस्तान, कानपुरTue, 8 April 2025 02:56 AM
share Share
Follow Us on
पिटाई में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत

पुखरायां, संवाददाता। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के अकबरनगर के एक युवक की गांव के ही कुछ लोगों ने घर पर ले जाकर पिटाई कर दी। इससे उसकी हालत नाजुक हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसको गंभीर हालत में इलाज के लिए भेजा। उपचार के दौरान रात में हैलट अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू की है।

अकबरनगर निवासी छब्बीस वर्षीय संजय पुत्र रामचंद्र का गांव में नया मकान बन रहा है। इसकी देखरेख के चलते वह निर्माणाधीन भवन के पास रखी झोपड़ी में रात में लेटने जाता था। रविवार शाम को भी वह वहीं पर लेटने गया था। आरोप है कि उसके निर्माणाधीन मकान के पास रहने वाले एक परिवार को उस पर परिवार की एक लड़की से दोस्ती का संदेह था। इसके चलते वह लोग उसको झोपड़ी से पकड़कर घर ले गए तथा उसकी जमकर पिटाई की। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उनके चंगुल से छूटे संजय से जानकारी मिलने पर उसक परिजन पुलिस को सूचना देकर उसको गंभीर हालत में मेडिकल कालेज अकबरपुर लाए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसको हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही उसके घर में कोहराम मच गया। बेटे की मौत से उसकी मां मीरा देवी बदहवास हो गईं। सूचना पर सीओ भोगनीपुर संजय सिंह, कोतवाल अंजन कुमार व देबीपुर चौकी प्रभारी राम किशुन वर्मा मौके पर पहुंचे तथा छानबीन की। इसके साथ ही पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सीओ भोगनीपुर ने बताया कि युवक का कानपुर में पोस्टमार्टम हो रहा है। घटना की छानबीन की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाईहोगी।