ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ है; मोदी ने दुश्मन को हड़काया, बोले- गिड़गिड़ाने लगा था पाकिस्तान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर से पाकिस्तान को हड़काते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। कहा कि हमारे सेना के पराक्रम से घबराकर पाकिस्तान युद्ध रोकने के लिए गिड़गिड़ाने लगा था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार शुक्रवार को यूपी पहुंचे तो पाकिस्तान को कई बार ललकारा। सेना के शौर्य की चर्चा करते हुए सैल्यूट किया। कानपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकाने घर में घुसकर सैकड़ों मील अंदर जाकर तबाह कर दिए। हमारी सेना ने ऐसा पराक्रम किया कि पाकिस्तानी सेना को गिड़गिड़ाकर युद्ध रोकने की मांग करने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने पाकिस्तान को हड़काते हुए कहा कि मैं फिर कहना चाहता हूं, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जो दुश्मन गिड़गिड़ा रहा था। वह किसी धोखे में न रहे। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि पहलगाम हमले में मरने वाले शुभम द्विवेदी के माता-पिता और पत्नी एशान्या का कष्ट और आक्रोश हम सब महसूस कर सकते हैं। हमारी बहन-बेटियों का वही आक्रोश ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पूरी दुनिया ने देखा है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने आतंक के खिलाफ अपनी लड़ाई में तीन सूत्र स्पष्ट रूप से तय किए हैं। पहला, भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा। उसका समय, जवाब देने का तरीका और जवाब देने की शर्ते हमारी सेनाएं खुद तय करेंगी। दूसरा, भारत अब एटम बम की गिदड़ भभकी से नहीं डरेगा और न ही उसके आधार पर कोई फैसला लेगा। तीसरा, आतंक के आका और आतंकी सरपस्त सरकार को भारत एक ही नजर से देखेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत के स्वदेशी हथियारों और मेक इन इंडिया की ताकत भी देखी है। हमारे भारतीय हथियारों ने ब्रह्मोस मिसाइल ने दुश्मन के घर में घुसकर तबाही मचाई है। जहां टार्गेट तय किया वहां धमाके किए। यह ताकत आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से मिली है। एक समय था जब भारत सैन्य जरूरतों और अपनी रक्षा के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था। हमने उन हालातों को बदलने की शुरुआत की। भारत अपनी रक्षा जरूरतों के लिए आत्मनिर्भऱ हो, यह हमारी अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी है आत्मसम्मान के लिए भी उतना ही जरूरी है। आत्मनिर्भरता से आजादी दिलाने के लिए आत्मनिर्भर भारत अभियान चलाया। यूपी डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भर भारत में बड़ा अभियान चला रहा है।