लोकतंत्र को सुदृढ़, कुशल व पारदर्शी बनाएगा एक राष्ट्र-एक चुनाव
Kanpur News – कानपुर में डीबीएस कॉलेज में ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने इसे भारतीय लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने की एक दूरदर्शी संकल्पना बताया। प्राचार्य…

कानपुर। प्रमुख संवाददाता गोविंद नगर स्थित डीबीएस कॉलेज में राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से एक राष्ट्र-एक चुनाव विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन हुआ। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव भारतीय लोकतंत्र को सुदृढ़, कुशल व पारदर्शी बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी संकल्पना है। डीबीएस कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ विधायक सुरेंद्र मैथानी, मुख्य वक्ता प्रो. एके वर्मा व कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा ने किया। प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव का उद्देश्य संपूर्ण देश में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव एक साथ संपादित कराना है।
जिससे बार-बार होने वाले चुनावों से उत्पन्न आर्थिक, प्रशासनिक व विकासात्मक व्यवधानों को समाप्त किया जा सके। प्रो. एके वर्मा ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में निरंतर चुनावी प्रक्रिया के कारण न केवल राजकोषीय व्यय होता है बल्कि आचार संहिता लागू होने से नीतिगत निर्णयों व विकास के कार्यों में रुकावट आती है। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. प्रीती सिंह ने कहा कि चुनाव के निरंतर होते रहने से राष्ट्र को आर्थिक रूप से बहुत क्षति उठानी पड़ती है। कार्यक्रम का संचालन संगोष्ठी की सह संयोजिका डॉ. शिखा सक्सेना ने और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रीती सिंह ने किया। इस मौके पर प्रो. शैलेंद्र कुमार शुक्ला, प्रो. सुनील उपाध्याय, प्रो. मंजू अवस्थी, प्रो. राजीव सिंह, डॉ. प्रीती राठौर, डॉ. अनिता सिंह, डॉ. प्रत्यूष वत्सला द्विवेदी, डॉ. अनुपम दुबे, डॉ. स्वदेश कुमार, डॉ. अभिषेक जौहरी आदि मौजूद रहे।