कानपुर से बुंदेलखंड तक बने हीट आईलैंड, जल्द बारिश के आसार नहीं

Kanpur News – कानपुर से बुंदेलखंड तक बने हीट आईलैंड, जल्द बारिश के आसार नहीं कानपुर से बुंदेलखंड तक बने हीट आईलैंड, जल्द बारिश के आसार नहीं

Newswrap हिन्दुस्तान, कानपुरWed, 21 May 2025 07:36 PM
share Share
Follow Us on
कानपुर से बुंदेलखंड तक बने हीट आईलैंड, जल्द बारिश के आसार नहीं

कानपुर। कानपुर से बुंदेलखंड तक हीट आईलैंड बन गए हैं। इससे बादलों के जल्दी बरसने की संभावना कम है। प्रदेश में विक्षोभों और परिसंचरणों के कारण आंधी-पानी का अलर्ट लगातार चल रहा है पर हीट के टापू वाली पूरी पट्टी में न तो आंधी आ रही है और न ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 25 तक उम्मीद तो जताई है लेकिन परिस्थितियां इसके विपरीत दिख रही हैं। अप्रैल के बाद मई माह में भी वर्षों बाद इतने विक्षोभ और परिसंचरण बने हैं, जिससे प्रदेश में मौसम असामान्य रहा है। अनेक जिलों में आंधी-पानी की स्थिति रही है लेकिन कानपुर और बुंदेलखंड की पूरी पट्टी में ऐसा नहीं हुआ।

रविवार से लेकर अब तक कानपुर समेत आसपास के जनपदों में तापमान 40 से अधिक या पिछले 48 घंटों में इससे कुछ कम रहा है। पाकिस्तान से चली बारिश की टर्फ लाइन मध्य उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही है। यह दूसरे छोर पर बांग्लादेश तक जा रही है। इससे उत्तरी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तो बारिश से राहत मिल रही है। लेकिन, जालौन, झांसी, बांदा, चित्रकूट, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, इटावा, हमीरपुर, महोबा आदि में बारिश के हालात नहीं बन रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी लगातार आंधी-पानी की स्थिति बनी हुई हैं पर हीट आइलैंड बन चुके कुछ शहरों में स्थितियां प्रतिकूल हैं। वैसे तो पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट किया गया है। बुधवार को कानपुर में भी आंधी-पानी का यलो अलर्ट रहा लेकिन हल्की बदली ही छाई रही। क्षेत्र में न तो आंधी आई और न ही बारिश हुई। कानपुर ही नहीं आसपास और बुंदेलखंड के क्षेत्र में भी ऐसा ही मौसम रहा। ऊपरी हिस्से में खीरी, बहराइच, गोरखपुर आदि में आंधी-बारिश हुई। बुधवार को अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री से गिरकर 37.7 डिग्री सेल्सियस आ गया। रात का पारा 26.2 से बढ़कर 28 डिग्री हो गया। अधिकतम तापमान सामान्य से लगातार कम चल रहा है। इसने लोगों को गर्मी से राहत दी है। हवा की दिशा बदलकर उत्तर पूर्वी हो गई है। इससे नमी का प्रतिशत बढ़कर अधिकतम 77 और न्यूनतम 52 पहुंच गया है। इस कारण उमस की स्थितियां बन गई हैं। हवा की गति 20 से 25 किमी प्रति घंटा तक रही। हवा में नमी के कारण इसमें लू का अहसास नहीं हुआ। तेज धूप दिन में कुछ ही समय रही। पर सुबह से लेकर शाम तक राहत बनी रही। शाम को हवा की रफ्तार और तेज हो गई। नमी के कारण खुले में लोगों को ताजगी का अहसास हुआ। इस तरह की हवाएं फिलहाल चलती रहेंगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हीट आइलैंड बन चुके जिलों में आंधी-पानी का असर कम है या बिल्कुल ही नहीं है। प्रदूषण आदि के कारणों से ऐसा हो रहा है। गुरुवार और शुक्रवार को तेज हवाएं चलेंगी। 25 तक कभी भी आंधी-पानी की संभावना बनी रहेगी। उत्तर पूर्वी हवाएं चलने से नमी बढ़ रही है, जिससे उमस भरी गर्मी बनी रहेगी।