जरीब चौकी पर पेड़ गिरा, पांच घंटे जाम से जूझे
Kanpur News – कानपुर में जरीब चौकी चौराहे के पास एक पुराना पीपल का पेड़ सोमवार सुबह अचानक गिर गया। गनीमत रही कि उस समय कोई नहीं था। ई-रिक्शा को नुकसान हुआ। नगर निगम के कर्मचारियों ने दोपहर 12 बजे के बाद पेड़ हटाया,…

कानपुर, संवाददाता। जीटी रोड पर जरीब चौकी चौराहे के पास लगा पुराना पीपल का पेड़ सोमवार सुबह टूटकर सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि जहां पेड़ गिरा वहां कोई मौजूद नहीं था नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि ई-रिक्शा चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंचे नगर निगम कर्मी दोपहर 12 बजे के बाद पेड़ सड़क से हटा सके। एक लेन से ही यातायात संचालन हो सका। राहगीरों को जाम से जूझना पड़ा। सीसामऊ थानाध्यक्ष हिमांशु चौधरी ने बताया जरीब चौकी-टाटमिल रोड पर पीपल का एक पुराना पेड़ था। सुबह 7 बजे करीब अचानक ही आधा पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ की लंबी शाखाएं होने के चलते जरीबचौकी से टाटमिल जाने वाला रास्ता बाधित हो गया। नगर निगम उद्यान विभाग को पेड़ गिरने की जानकारी दी गई। पेड़ गिरने वाली लेन पर जरीब चौकी चौराहे से बैरियर लगाकर दूसरी लेन से ही यातायात संचालित किया गया। दोपहर करीब 12 बजे के बाद पेड़ सड़क से हट सका। सुबह 9 बजे से दोपहर तक जरीब चौकी चौराहे से गुमटी और तेजाब मिल से जरीब चौकी तक वाहनों की कतारें लगी रहीं।