Jharkhand Weather : झारखंड में 5 दिन कैसा रहेगा मौसम, 20 तक आंधी-बारिश संग ठनके का ऑरेंज अलर्ट

झारखंड में मौसम इन बड़ी करवट ली है। राज्य के कई हिस्सों में रविवार को भी आंधी-बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान ठनका गिरने से बीते 24 घंटे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई।
झारखंड में मौसम इन बड़ी करवट ली है। राज्य के कई हिस्सों में रविवार को भी आंधी-बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान ठनका गिरने से बीते 24 घंटे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। रांची समेत राज्य के कुछ जिलों में आंधी की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे से अधिक रही। इस कारण विभिन्न जिलों में सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए। इससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। वहीं कई मकानों के छप्पर भी उड़ गए।
मौसम विभाग ने 20 मई तक राज्यभर में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि 23 मई तक बारिश तो होगी, आंधी का असर कम रहेगा।
बता दें कि, कोल्हान और संताल में भी रविवार को आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरे, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। खराब मौसम और काले बादलों के कारण रविवार को दोपहर बाद दिन में ही अंधेरा छा गया। आंधी में रांची के हाइटेंशन मैदान में क्रेन गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। सामलौंग मैदान में डिजनीलैंड का झूला धराशायी हो गया। वहीं कोकर डिविजन अंतर्गत कांटाटोली में ट्रांसफॉर्मर पर पेड़ गिरने से बिजली गुल हो गई। शहर के अन्य क्षेत्रों में भी पेड़ गिरे। कुछ जिलों में मवेशियों को भी क्षति पहुंची है।
आंधी 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली : मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में हजारीबाग, लोहरदगा, खूंटी, सिमडेगा, समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से आंधी चली। वहीं रांची, रामगढ़ समेत बोकारो, धनबाद में तूफान की रफ्तार 60 किमी से अधिक रही। रांची में हवा की रफ्तार अधिक होने से कई घरों को नुकसान पहुंचा। इनमें अधिकांश कच्चे घर हैं। वहीं कई घरों के छप्पर उड़ गए। कई जगह एसबेस्टस की छत भी गिर गई।
उधर, पलामू और उसके आसपास के जिलों में भी बादल छाए रहे। इन जिलों में भी तेज हवाएं चलीं। दोपहर बाद गर्मी से राहत मिली। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की कर्मी आई है।
विमान व रेल सेवाओं पर असर, बिजली भी बाधित
रांची में खराब मौसम का असर विमान और रेल सेवाओं पर भी पड़ा। वहीं कई इलाकों में घंटों बिजली प्रभावित रही। दिन में करीब 3 बजे आ रहा इंडिगो का दिल्ली-रांची विमान डायवर्ट होकर कोलकाता चला गया। यह विमान कोलकाता से शाम में रांची पहुंचा। इसके बाद 6.50 बजे यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना हुआ। वहीं इंडिगो का हैदराबाद-रांची विमान करीब 2 घंटे विलंब से करीब 3.50 बजे रांची आया। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान निर्धारित समय से डेढ़ घंटे विलंव से करीब 3.10 बजे रांची पहुंचा। वहीं इंडिगो की पटना रांची सेवा एक घंटे, एयर इंडिया एक्सप्रेस का बेंगलुरु रांची सेवा भी करीब एक घंटे लेट से रांची आया।
पोल-पेड़ धराशायी, 7 तक घंटे बिजली गुल
रांची में लगातार दूसरे दिन भी आंधी-बारिश ने सबकुछ अस्त-व्यस्त कर दिया। रविवार दोपहर में तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश के बीच शहर की बिजली गुल हो गई। सुरक्षात्मक उपायों के बाद भी झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) को नुकसान हुआ है। रांची व आसपास के क्षेत्रों में रांची विद्युत आपूर्ति को लाखों का नुकसान होने की खबर है। इसके चलते आधी रांची में छह से सात घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप रही। कई मोहल्लों में तो रातभर अंधेरा छाया रहा। कई बड़े इलाकों में देर रात बिजली की आंख-मिचौली जारी रहने से लोगों को कई तरह की परेशानी हुई।
कहां-कहां दिखा असर
1. कोकर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। कोकर के खोरहाटोली, डोन बास्को गली में पांच पोल उखड़ गए।
2. तिरिल एरिया रोड में पेड़ की डाल बिजली तार पर गिरी, बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया। चुटिया-नामकुम 33 हजार लाइन पर पेड़ गिर गया।
3. कतारी बगान में एलटी लाइन पर पेड़ गिरने से पोल टूट गया। ढुमसाटोली में तीन पोल उखड़ गए। क्लब रोड में पेड़ उखड़कर तार में झूल गए।
4. कांटाटोली में ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिर गया। इलाही बक्श कॉलोनी में दीवार गिरने से पास के बिजली पोल को क्षतिग्रस्त कर दिया।
5. डोरंडा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में भी ज्यादा नुकसान हुआ। पीएचडी फीडर में आने वाले पांच पोल टूटकर जमीन पर गिर गए। मरम्मत में रात हो गई।
6. डोरंडा सहित आसपास के इलाके में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा डोरंडा जैप कॉलोनी में भी पेड़ गिर गए।
7. सेंट्रल डिविजन अंतर्गत 33 केवी सदर-चुटिया लाइन ब्रेक डाउन हुआ। डॉ कामिल बुल्के पथ स्थित पेड़ के डाल गिर गए। साथ ही लालपुर चौक समीप भी पेड़ के डाल गिरने से लाइन बाधित हो गई थी।
8. रांची पूर्वी डिविजन में दर्जनों जगह बिजली तार पर पेड़ के डाल गिर गए। टाटीसिलवे, ओरमांझी, रामपुर, विकास सहित अन्य इलाके में घंटों बिजली बंद रखी गई।
9. न्यू कैपिटल डिविजन का राजभवन लाइन ट्रिप कर गया। वीआइपी फीडर होने के कारण यहां वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
ये इलाके भी प्रभावित
प्रगृति पथ रोड, एचईसी सेक्टर थ्री, मणिटोला, फिरदौस नगर, कोकर चूना-भट्ठा, हैदरअली रोड कोकर, कांटाटोली कुरैशी मुहल्ला, बहुबाजार, कठरटोली, बसरटोली, चुनवाटोली, जगन्नाथ विहार धुर्वा, सिरमटोली, लाल सिरमटोली, कृष्णापुरी चुटिया, अरगोड़ा आदि इलाके बिजली नहीं रहने से प्रभावित हुए।
www.livehindustan.com