हीट वेव की दस्तक, लू के थपेड़ों से तमतमाया शहर

Kanpur News – हीट वेव की दस्तक, लू के थपेड़ों से तमतमाया शहर हीट वेव की दस्तक, लू के थपेड़ों से तमतमाया शहर हीट वेव की दस्तक, लू के थपेड़ों से तमतमाया शहर

Newswrap हिन्दुस्तान, कानपुरWed, 14 May 2025 07:02 PM
share Share
Follow Us on
हीट वेव की दस्तक, लू के थपेड़ों से तमतमाया शहर

कानपुर। हीट वेव ने शहर में दस्तक दे दी है। बुधवार को दिनभर चले लू के थपेड़ों से पूरा शहर तमतमा उठा। अधिकतम तापमान 40.4 (एयरफोर्स 41.8 डिग्री) डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग का मानना है कि हीट वेव तो जारी रहेगी लेकिन विक्षोभों के कारण बीच में फिर ब्रेक लग सकता है। आंधी-पानी की संभावना है। लू की शुरुआत मंगलवार से हो गई थी। लू की रफ्तार बुधवार से बढ़ गई। 15-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लू चली। प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की रफ्तार 35-40 किमी प्रति घंटे तक पहुंची। सीजन में पहली बार दिन में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।

तापमान में वृद्धि अधिक तो नहीं हुई, लेकिन शुष्क हवाओं के कारण लोग बेहाल हो गए। बुधवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और एयरफोर्स वेदर स्टेशन के अनुसार 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से थोड़ा अधिक है। रात का तापमान भी अधिक रहा। सीएसए के अनुसार, न्यूनतम पारा 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मध्य पाकिस्तान पर बने विक्षोभ का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में हीट वेव की एक तरह से शुरुआत हो चुकी है। इक्का-दुक्का जिलों को छोड़कर शेष जनपदों में पारा 40 डिग्री के अधिक रहा। कानपुर शुष्क हवाओं की चपेट में होने के कारण अधिक प्रभावित रहा। झुलसाने वाली धूप से दिन में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। हीट वेव की शुरुआत पूर्वी क्षेत्र से हुई है जो धीरे-धीरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इक्का दुक्का जिलों में दिन का पारा 40 के नीचे रहा लेकिन शेष पश्चिमी क्षेत्र में भी पारा 40 डिग्री के ऊपर रहा। 48 से 72 घंटों में अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 19 मई तक तेज शुष्क गर्मी बनी रहेगी। इस दौरान आंधी भी आ सकती है। इन दिनों तेज गति से लू चलेगी। इस दौरान जो लोग दिन में घरों या कार्यालयों से बाहर निकलते हैं, उन्हें सावधानी बरतनी होगी। धीरे-धीरे नमी का प्रतिशत कम हो सकता है। अभी नमी का अधिकतम प्रतिशत 45 और न्यूनतम 24 प्रतिशत है। धीरे-धीरे इसमें कमी आएगी।