हीट स्पॉट बना यूपी का दक्षिणी हिस्सा, उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल, 22 मई से येलो अलर्ट
यूपी का दक्षिणी हिस्सा हीट स्पॉट बन गया है। पूरे राज्य में आंधी-पानी की जितनी गतिविधियां हुईं उसका एक प्रतिशत क्षेत्र के जिलों में नहीं हुआ। येलो अलर्ट के बावजूद सोमवार को कानपुर में उमस भरी गर्मी रही।

उत्तर प्रदेश का दक्षिणी हिस्सा हीट स्पॉट बन गया है। पूरे प्रदेश में आंधी-पानी की जितनी गतिविधियां हुईं उसका एक प्रतिशत क्षेत्र के जनपदों में नहीं हुआ। येलो अलर्ट के बावजूद सोमवार को कानपुर में उमस भरी गर्मी रही। कम तापमान के बावजूद हीट इंडेक्स अधिक होने से लोगों को पसीने वाली गर्मी ने हलकान कर दिया।
अप्रैल से लेकर अब तक प्रदेश में मौसम अनिश्चित बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभों और परिसंचरण के कारण प्रदेश के किसी न किसी हिस्से में आंधी, पानी, ओलावृष्टि व वज्रपात आदि की गतिविधियां होती रही हैं। पर दक्षिणी क्षेत्र बांदा, झांसी, कानपुर आदि में इसकी गतिविधियां सीमित रही हैं। विशेषकर कानपुर में प्री मानसून की बारिश अब तक नाममात्र ही हुई है।
हीट स्पॉट के कारण क्षेत्र से रूठे बादल
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण व अन्य कारणों से प्रदेश के कई दक्षिणी जिले हीट स्पॉट के रूप में बन गए हैं। इस कारण यहां से बादल रूठे हुए हैं। यहां से उठने वाली हीट के कारण बारिश या आंधी आदि की गतिविधियां नाममात्र ही रही हैं। न तो कोई बड़ी आंधी आई और न ही तेज बारिश हुई है। ओलावृष्टि की घटनाएं भी शहर के बाहरी क्षेत्रों में हुईं।
हीट इंडेक्स रेड जोन में चला गया
नमी का प्रतिशत सोमवार को अधिक रहा। अधिकतम 73 और न्यूनतम 43 प्रतिशत नमी रही। इस नमी ने गर्मी को बढ़ा दिया। इस कारण हीट इंडेक्स 62 पहुंच गया। आईएमडी के हीट इंडेक्स चार्ट के अनुसार तापमान 38 और नमी 70 होने पर हीट इंडेक्स 62 हो जाता है जो रेड जोन में आता है। सोमवार को तापमान और नमी दोनों ही अधिक रही। लोगों को गर्मी का अहसास अधिक हुआ। पसीना खूब निकला। लोगों को दिन भर बेचैनी भरी गर्मी का अहसास हुआ।
तापमान गिरा लेकिन गर्मी बढ़ी
अधिकतम तापमान 42.2 से गिरकर 39.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। न्यूनतम तापमान 25.4 से बढ़कर 27.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। इस दौरान हल्के बादल छाए रहे। नमी अधिक रही। ऐसे में तापमान की कमी के बावजूद उमस भरी गर्मी परेशान करने वाली रही।
कानपुर में 22 से 25 तक अलर्ट
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि प्रदेश में मंगलवार से लेकर 25 मई तक आंधी-पानी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कानपुर और आसपास 22 से 25 तक आंधी की संभावना रहेगी। इस दौरान गर्मी से अधिक राहत नहीं मिलेगी। उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। कानपुर में मंगलवार को भी उमस भरी गर्मी बनी रहेगी।