दिल्ली पर आज बादल हो सकते हैं मेहरबान, कई इलाकों में बारिश के आसार; लू पर क्या है IMD अपडेट

Delhi Weather: दिल्ली के लोग बुधवार को तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों से परेशान रहे। सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी का अनुमान है कि गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान एक बार फिर 40 डिग्री के पार जा सकता है।

Sneha Baluni नई दिल्ली। हिन्दुस्तान टाइम्सThu, 17 April 2025 05:58 AM
share Share
Follow Us on
दिल्ली पर आज बादल हो सकते हैं मेहरबान, कई इलाकों में बारिश के आसार; लू पर क्या है IMD अपडेट

Delhi Weather: दिल्ली के लोग बुधवार को तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों से परेशान रहे। सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) का अनुमान है कि गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान एक बार फिर 40 डिग्री के पार जा सकता है। विभाग का कहना है कि पहाड़ पर पश्चिमी विक्षोभ और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते राजधानी में तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिससे अगले कुछ दिनों में बढ़ते तापमान से राहत मिलेगी और लू की स्थिति नहीं आएगी।

बूंदाबांदी हो सकती है

दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बुधवार सुबह से ही तेज धूप निकली रही। इस दौरान दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आईएमडी वैज्ञानिक कृष्ण मिश्रा ने कहा, “बुधवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ ने पहाड़ी क्षेत्रों को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। इसके 20-21 अप्रैल तक जारी रहने की उम्मीद है, शुक्रवार और शनिवार को इसकी तीव्रता सबसे ज्यादा होगी। इसके कारण गुरुवार से दिल्ली में बादल छाए रहने का अनुमान है और शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है।”

तेज हवाएं चलेंगी

स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, “पाकिस्तान और पड़ोसी क्षेत्रों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से दिल्ली में तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलेंगी। इससे अगले कुछ दिनों में मध्यम से तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिसमें ‘धूल भरी हवाएं’ भी शामिल हैं।” आईएमडी ने गुरुवार को 10-20 किमी प्रति घंटे की गति से सतही हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मिश्रा ने कहा, “शुक्रवार से रविवार तक 20-30 किमी प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जो 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। हालांकि, इस हफ्ते के लिए जो हीटवेव चेतावनी दी गई थी, उसे हटा दिया गया है।”

दिल्ली की हवा खराब

आईएमडी ने अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। इसी बीच प्रदूषण एक बार फिर बढ़ने लगा है। बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार यानी खराब श्रेणी में रहा। हालांकि, हवा की रफ्तार बढ़ने के चलते अगले दो दिनों के बीच एक्यूआई में सुधार की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 220 अंक पर रहा।

www.livehindustan.com