दिल्ली में गर्मी से ब्रेक, मुंबई-कोलकाता में भारी बारिश का अलर्ट; जानें- आपके शहर का हाल

Weather Updates: देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट बदली है। केरल में मानसून जल्द ही दस्तक देने वाला है। आईएमडी ने दिल्ली के लिए राहत की खबर दी है। वहीं, मुंबई और कोलकाता में आज भारी बारिश के आसार हैं।

Today Weather Updates: देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। जहां एक ओर उत्तर भारत को गर्मी से राहत मिलने वाली है, वहीं पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों को झुलसाती गर्मी से राहत मिल सकती है, वहीं मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश ने शहर की रफ्तार धीमी कर दी है। पूर्वोत्तर और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश ने कहर बरपाया है, तो कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

दिल्ली में गर्मी से राहत

राजधानी दिल्ली को झुलसाती गर्मी से जल्द ही राहत मिलने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने 21 मई को राजधानी में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दिन न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में 21 और 22 मई को बारिश और आंधी के आसार हैं। मंगलवार को दिल्ली का तापमान 41.8 डिग्री तक पहुंच गया था, जिसके साथ बढ़ी हुई नमी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।

मुंबई में प्री-मानसूनी बारिश की दस्तक

मुंबई में मंगलवार को तेज बारिश और बिजली कड़कने के साथ मौसम ने करवट ली। पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में बारिश की तीव्रता ज्यादा रही, जिससे शहर में यातायात पर असर पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 से 24 मई के बीच महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गंभीर बारिश, गरज और तेज़ हवाएं (30-40 किमी/घंटा या उससे अधिक) चल सकती हैं। बारिश से प्रभावित इलाकों में दक्षिण कोंकण, मुंबई और दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल में मूसलाधार बारिश

उत्तर बंगाल में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि दक्षिण बंगाल के जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिमपोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और दक्षिण बंगाल के झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, हुगली, पूर्व-पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और पश्चिम मेदिनीपुर में मौसम विभाग ने भारी से भारी बारिश की चेतावनी दी है।

ये भी पढ़ें:IMD ने दी खुशखबरी, केरल पहुंचने वाला है मॉनसून, बस 4 दिन का और इंतजार

दक्षिण भारत में बारिश का तांडव

दक्षिण भारतीय इलाकों में बारिश का कहर जारी है। कर्नाटक और तमिलनाडु में बारिश ने अब तक 8 लोगों की जान ले ली। कर्नाटक में 5 मौतें हुईं, जिनमें 3 बेंगलुरु से हुई हैं। वहीं, तमिलनाडु के मदुरै में दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई है। IMD ने 20 से 22 मई के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। यहां भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

केरल में जल्द पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि केरल में अगले 4-5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना है। अगर ऐसा होता है, तो यह 2009 के बाद सबसे जल्दी मानसून की दस्तक होगी। मंगलवार को कासरगोड, कन्नूर, वायनाड, मलप्पुरम सहित कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई।

www.livehindustan.com