दिल्ली में आज भी 50 डिग्री वाली तपिश का अहसास; कितना रहा तापमान? अब राहत की बारी
Delhi Weather Forecast: दिल्ली में शुक्रवार को भी लोग भीषण गर्मी से बेहाल रहे। लोगों की मानें तो उनको 50 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास हुआ। कितना रहा तापमान?

दिल्ली बीते पांच दिनों से भीषण गर्मी का दौर जारी है। शुक्रवार की शुरुआत भी तेज धूप के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तीखी और तेज हो गई। दिन में 11 बजे के बाद से ही लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल लगने लगा। दोपहर के समय लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का भी अहसास हुआ। हालांकि एक दिन पहले की तुलना में गर्मी में थोड़ी कमी दिखी लेकिन शुक्रवार को भी दिल्ली वालों ने 50 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास किया।
कितना रहा तापमान?
दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में शुक्रवार के दिन का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। हालांकि, गुरुवार की तुलना में अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस था।
न्यूनतम तापमान ने भी तोड़ा रिकॉर्ड
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रेकार्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यह इस सीजन का सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान रहा है। इसका अर्थ यह है कि दिल्ली में गुरुवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही थी। यहां पर आर्द्रता का स्तर 69 से 51 फीसदी तक रहा।
50 डिग्री वाली तपिश का अहसास
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार की शाम पांच बजे तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। नमी का स्तर 56 फीसदी रहा। इस दौरान हवा की गति 11.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रही। इस समय दिल्ली का फील लाइक तापमान 50.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, एक दिन पहले से तुलना करें तो दिल्ली को मिली राहत को समझा जा सकता है। क्योंकि, गुरुवार को ठीक इसी समय फील लाइक तापमान 54.4 डिग्री सेल्सियस रहा था।
बनी रहेगी बादलों की आवाजाही
झुलसा देने वाली धूप और उमस से जूझ रहे दिल्लीवालों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी में अब भीषण गर्मी का दौर बीत गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के बीच आसमान पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी और धूल भरी आंधी भी चल सकती है। इससे दिल्ली के तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से खासी राहत मिलेगी।
बन रहा साइक्लोनिक सर्कुलेशन
मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के कुछ हिस्सों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बन रहा है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा के एक निम्न दबाव का क्षेत्र भी मौजूद है। इसके चलते दिल्ली में अगले तीन-चार दिनों तक बीच-बीच में हल्के बादलों की आवाजाही रहेगी। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश तक हो सकती है। इन मौसमी परिघटनाओं के चलते तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आएगी।
www.livehindustan.com