दिल्ली कब तक रहेगी कूल, क्यों बदल रहा मौसम? 2 दिन और आंधी-बारिश; आज येलो अलर्ट

दिल्ली में सोमवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। हिन्दुस्तानTue, 3 June 2025 05:37 AM
share
Share
Follow Us on
दिल्ली कब तक रहेगी कूल, क्यों बदल रहा मौसम? 2 दिन और आंधी-बारिश; आज येलो अलर्ट

राजधानी दिल्ली में सोमवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। इस दौरान हवा की गति भी तेज थी। इसके चलते दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग चार डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

दो दिन बाद चढ़ सकता पारा

मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। बीच में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बुधवार को भी तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। बुधवार के बाद तापमान में हल्का इजाफा होने की संभावना है।

दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश के चलते मौसम में नमी की मात्रा बनी हुई है। इससे तापमान में तेजी से इजाफा नहीं हुआ। इस दौरान मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। आर्द्रता का स्तर 95 से 46 फीसदी तक रहा। पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री और रिज इलाके में पांच डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया।

इसलिए बदल रहा मौसम : दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में मई में लगातार ही कोई न कोई मौसमी परिघटना सक्रिय रही। कभी पश्चिमी विक्षोभ, कभी साइक्लोनिक सर्कुलेशन तो कभी हवा के निम्न दबाव का क्षेत्र। इनसे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से काफी मात्रा में नमी खिंचकर आ रही है। यह नमी तेज धूल भरी आंधी के बाद बारिश के रूप में बरस रही है। मई में इन परिघटनाओं के चलते ऐतिहासिक तौर पर बारिश का रिकॉर्ड बना। अब जून में भी मौसम का यही रुख नजर आ रहा है।

हवा मध्यम श्रेणी में रही : सीपीसीबी के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 158 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।

www.livehindustan.com