Bihar Weather: गर्मी बढ़ेगी या चलेंगी हवाएं, पटना समेत बिहार में कैसा रहेगा मौसम? जानें

मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले दो-तीन दिनों के भीतर दिन के पारे में बढ़ोतरी होने और रात के तापमान में हल्की गिरावट के आसार हैं।

Jayesh Jetawat हिन्दुस्तान, पटना/मुजफ्फरपुरFri, 4 April 2025 06:09 AM
share Share
Follow Us on
Bihar Weather: गर्मी बढ़ेगी या चलेंगी हवाएं, पटना समेत बिहार में कैसा रहेगा मौसम? जानें

Bihar Weather Update: राजधानी पटना सहित बिहार के अधिकतर शहरों में दिन के तापमान में शनिवार से बढ़ोतरी होने के आसार हैं। वहीं, रात के तापमान में गिरावट आने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद जहां दिन में तपिश बढ़ेगी, वहीं रात में हल्की राहत मिलेगी। दूसरी ओर, आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को निर्देश जारी कर हीट वेव के लिए ऐक्शन प्लान बनाने की बात कही है।

बिहार के अधिकतम तापमान में गुरुवार को 5.3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। जबकि प्रदेश के 26 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई और पटना सहित 9 के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। राजधानी पटना में सुबह से दोपहर तक सूरज के तल्ख तेवर के कारण लोगों को दिन में गर्मी का एहसास हुआ। लेकिन दिन ढलने के साथ ही बादल छाए रहने के कारण लोगों को गर्मी से आंशिक तौर पर राहत मिली। बिहार का सबसे गर्म शहर 38.8 डिग्री के साथ खगड़िया और सबसे ठंडा शहर 13.3 डिग्री के साथ सीतामढ़ी का पुपरी रहा।

पटना का अधिकतम और न्यूनतम पारा चढ़ा

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पटना के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। जिस कारण दिन और रात के समय लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हुआ। राजधानी के अधिकतम तापमान में 1.9 और न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 36.6 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव सभी जिलों और विभागों को अलर्ट किया है। अपने पत्र में एसीएस ने सार्वजनिक स्थलों, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, चौक-चौराहों पर प्याऊ की व्यवस्था करने को कहा है। अस्पतालों में लू से पीड़ित मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाने की बात कही गई है। साथ ही गर्मी बढ़ने पर सुबह की पाली में स्कूलों के संचालन का भी सुझाव दिया गया है।

www.livehindustan.com