बिहार में आज भी आंधी चलेगी, 23 जिलों में बिजली का अलर्ट; पटना में बारिश के आसार
Bihar Mausam: बिहार में शुक्रवार को 23 जिलों में आंधी और वज्रपात का येलो एवं ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना में भी बारिश की संभावना है।
Bihar Weather Today: बिहार में शुक्रवार को भी मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने पटना, भागलपुर, गया सहित प्रदेश के 23 जिलों में आकाशीय बिजली (ठनका) और आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर बारिश होने का भी पूर्वानुमान है। राजधानी पटना में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज दक्षिण-मध्य, दक्षिण-पूर्व और उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का येलो अलर्ट है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम भाग के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट है।
बिहार में अगले 5 दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। गुरुवार को राज्य के ज्यादातर शहरों में बादल छाए रहने के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। 39.3 डिग्री सेल्सियस के साथ रोहतास का डेहरी सबसे गर्म रहा। वहीं बांका में सबसे कम 21.8 डिग्री तापमान रहा।
सुपौल में जमकर बारिश, गोपालगंज में तेज आंधी चली
मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार बीते 24 घंटे के भीतर 27 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। इस दौरान सुपौल में सबसे अधिक 26.3 मिलीमीटर पानी गिरा। गोपालगंज में सबसे तेज 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
आज इन जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका-
मौसम विभाग ने कैमूर, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिले में आंधी और आकाशीय बिजली का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, पटना, नालंदा, जहानाबाद, गया, नवादा, बेगूसराय, शेखपुरा, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया जिले में येलो अलर्ट है।
पटना में छाए रहेंगे बादल, बारिश के भी आसार
राजधानी पटना में शुक्रवार को बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार बादल छाए रहने के साथ ही एक-दो जगहों पर ठनका और बारिश की भी संभावना है। गुरुवार को भी राजधानी में बादल छाए रहे। इस दौरान दोपहर में हल्की धूप निकली। इस कारण पटना के दिन क तापमान में 0.7 और रात के पारे में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। राजधानी का अधिकतम तापमान 34.5 और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
www.livehindustan.com