बिहार के 32 जिलों में आज आंधी और बिजली का अलर्ट, सीमांचल में भारी बारिश की चेतावनी
Bihar Mausam: मौसम विभाग ने सीमांचल में शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, बिहार के 32 जिलों में आंधी और ठनका का अलर्ट है। लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है।

Bihar Weather Today: बिहार में आज यानी शुक्रवार को भी मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने राज्य के 32 जिलों में शुक्रवार को ठनका गिरने (आकाशीय बिजली) और तेज हवा (आंधी) चलने की चेतावनी है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। वहीं सीमांचल क्षेत्र के अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सीवान, छपरा, वैशाली, पटना, भोजपुर, बक्सर को छोड़कर शेष जिलों के एक-दो स्थानों पर आंधी और व्रजपात का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को पटना में बादल छाए रहेंगे।
इससे पहले, गुरुवार को बिहार के ज्यादातर शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। सर्वाधिक तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस गोपालगंज का और सबसे कम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस छपरा का रहा। वहीं मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को 17 जिलों में हल्के स्तर की बारिश हुई। इस दौरान पटना के पुनपुन में सबसे अधिक 24.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
गुरुवार को पटना में सूरज की तल्खी के कारण लोगों को भीषण गर्मी का एहसास हुआ। राजधानी के अधिकतम तापमान में 0.6 और न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 37.9 और न्यूनतम 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। तापमान कम रहने के बावजूद सूरज की तल्खी और आर्द्रता की मात्रा 48 प्रतिशत रहने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का एहसास हुआ।
www.livehindustan.com