अप्रैल में विकराल रूप ले रही गर्मी, तापमान तोड़ रहा रिकॉर्ड, किन राज्यों का बुरा हाल?
भारत के कई राज्यों में गर्मी अप्रैल के महीने में ही सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है। बीते 24 घंटे में भारत के कई राज्यों में तापमान में अप्रत्याशित दर से वृद्धि हुई है। कई राज्यों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश राजस्थान, बिहार और उड़ीसा में गर्मी और विकराल रूप लेने वाली है।
बीते 24 घंटे में उड़ीसा के झारसुगुड़ा में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया जहां अधिकतम पारा 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। वही संबलपुर और ढेंकलाल जैसे जिलों में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। मध्यप्रदेश के कई जिले भी गर्मी की चपेट में दिखे जहां तापमान, सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा रहा। सीधी जिले में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस, वहीं रतलाम और खजुराहो में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तर प्रदेश का क्या हाल?
वहीं उत्तर प्रदेश की बात करे तो वाराणसी में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री तक पहुंच गया। झारखंड में भी गर्मी का कहर देखने को मिला, जहां डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा गुजरात के सुरेंद्रनगर और राजकोट जैसे जिलों में भी गर्मी में उत्पाद मचाया है, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य राज्यों का भी हाल बुरा
छत्तीसगढ़, तेलंगाना, महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी सामान्य से कई डिग्री ज्यादा सेल्सियस तापमान दर्ज किए गए। 22 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के रायपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस, तेलंगाना के आदिलाबाद में 44.3 और महाराष्ट्र के चंद्रपुर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
www.livehindustan.com