छत्तीसगढ़ में तेज आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट, किन जिलों में बरसेंगे बदरा?

छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले ही लगातार आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग की ओर से कई जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले ही लगातार बारिश से तापमान में गिरावट है। देश में नौतपा का तीसरा दिन है, लेकिन छत्तीसगढ़ में नवतपा बेअसर है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के 20 से ज्यादा जिलों में रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने बीजापुर, दंतेवाडा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, मुंगेली, सुरगुजा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, बलरामपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग बेमेतरा, कोरिया, मुंगेली जिले के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बारिश के साथ मेघगर्जन होने और आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है।
हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट तीन घंटों के लिए जारी किया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
अगले तीन दिनों में इसके मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र के अतिरिक्त इलाकों, कर्नाटक के शेष भागों, तेलंगाना के कुछ क्षेत्रों, आंध्र प्रदेश, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत के शेष राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ और हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है।
इसके साथ प्री-मानसूनी गतिविधियां भी बढ़ गई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, मराठवाड़ा और उससे सटे क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके साथ ऊपरी वायुमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो मध्य क्षोभमंडल तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा में झुका हुआ है।
इसके अतिरिक्त, एक और ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर सक्रिय है। इसी क्षेत्र से एक द्रोणिका रेखा तटीय आंध्र प्रदेश तक फैली हुई है, जो दक्षिण कोकण, मराठवाड़ा और तेलंगाना होते हुए गुजर रही है। इसके प्रभाव से कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने, कुछ क्षेत्रों में तेज गर्जना के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की संभावना है। प्रदेश में मुख्य रूप से बस्तर संभाग, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में भारी वर्षा की संभावना अधिक है।
रिपोर्ट- संदीप दीवान
www.livehindustan.com