बर्रा में नगर निगम टीम पर पथराव, कई महिलाओं के सिर फटे

Kanpur News – बर्रा में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने के लिए जब बुलडोजर चलाया, तो कब्जेदारों ने विरोध किया। महिलाएं सड़क पर लेट गईं और पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ महिलाएं घायल हुईं और पुलिस को हस्तक्षेप…

Newswrap हिन्दुस्तान, कानपुरFri, 2 May 2025 02:20 AM
share Share
Follow Us on
बर्रा में नगर निगम टीम पर पथराव, कई महिलाओं के सिर फटे

बर्रा में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने पर बवाल हो गया। नगर निगम की टीम ने कब्जेदारों ने घेरा और हमला कर दिया। सालों से बनीं अस्थायी झुग्गी-झोपड़ी को जमींदोज करने के लिए जैसे ही बुलडोजर गरजा तो महिलाएं समेत दर्जनों कब्जेदार आगे लेटकर विरोध-प्रदर्शन करने लगे। प्रवर्तन दल की ओर से हल्का बल प्रयोग किया गया तो भीड़ आक्रोशित हो गई और देखते ही देखते महिलाओं ने पथराव शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान कुछ महिलाओं के सिर फट गए तो कई गर्मी के मारे बेहोश हो गईं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर लोगों को शांत कराया। नगर निगम टीम ने एक दिन की मोहलत देकर कब्जेदारों को खुद सामान हटाने की चेतावनी दी है।

अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की ओर से अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को नगर निगम की टीम विश्व बैंक सी सेक्टर के प्रिया हॉस्पिटल के पीछे नाले किनारे बनी झुग्गी-झोपड़ियों को गिराने पहुंची तो कब्जेदारों ने विरोध शुरू कर दिया। बुलडोजर ने जैसे ही एक-दो अवैध कब्जे जमींदोज किए तो महिलाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ सड़क पर उतर आई और टीम को घेरकर हमला कर दिया। आक्रोशित पुरुष व महिलाएं बुलडोजर के आगे लेट गए। बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इससे पहले टीम पर पत्थर भी बरसाए गए। थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि हंगामे की सूचना मिली थीं। प्रथम दृष्टया मारपीट की घटना निराधार है। विरोध के चलते टीम ने वहां रहे लोगों को गृहस्थी का सामान उठाने के लिए एक दिन का समय दिया है। फिर अभियान चलाया जाएगा।