पहलगाम हमले में मारे गए शुभम के घर कानपुर पहुंचे राहुल गांधी, परिजनों से की मुलाकात
यूपी में दो दिन के दौरे पर आए रायबरेली से सांसद राहुल गांधी बुधवार को पहलगाम हमले में मारे गए शुभम के घर कानपुर पहुंचे। राहुल गांधी ने यहां परिजनों से मुलाकात की।

यूपी में दो दिन के दौरे पर आए रायबरेली से सांसद राहुल गांधी बुधवार को पहलगाम हमले में मारे गए शुभम के घर कानपुर पहुंचे। राहुल गांधी ने यहां परिजनों से मुलाकात की। जैसे ही राहुल गांधी पर शुभम की पत्नी ऐशन्या की नजर पड़ी तो वह रोने लगी। इस पर राहुल गांधी ने ऐशन्या को गले लगाकर सांत्वना दी। राहुल गांधी ने पहलगाम हमले के बारे में पूछा। इस पर ऐशन्या ने बताया कि कैसे शुभम की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। ऐशन्या बोली, पहलगाम में कोई सिक्योरिटी नहीं थी। आतंकवादी आए और धर्म पूछताछ गोलियां बरसाने लगे। इस दौरान राहुल गांधी ने शुभम के परिजनों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा भी दिलाया। राहुल गांधी शुभम के घर करीब 28 मिनट तक रुके इसके बाद वह चकेरी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी शुभम के घर पहुंचेंगे और परिजनों से मुलाकात करेंगे।
लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार अमेठी पहुंचे थे राहुल गांधी
कानपुर पहुंचने से पहले राहुल गांधी अमेठी पहुंचे थे। राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के बाद बुधवार को पहली बार अमेठी पहुंचे थे। राहुल ने मुंशीगंज में आयुध कारखाने का निरीक्षण भी किया। राहुल ने 2007 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार के दौरान इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। गांधी ने इसी परिसर में स्थित इंडो-एशियन राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड की इकाई का भी निरीक्षण किया, जिसका उद्घाटन तीन मार्च, 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। इन दोनों इकाइयों में राइफल का विनिर्माण कार्य अब शुरू हो चुका है। कांग्रेस नेता ने इन दोनों कारखानों में करीब एक घंटा बिताया और राइफलों का परीक्षण किया।
साथ ही उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया को समझने के लिए अधिकारियों से बातचीत भी की। इसके बाद, वह संजय गांधी अस्पताल गए जहां उन्होंने लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक नयी हृदय इकाई का उद्घाटन किया। गांधी को इस सुविधा और अस्पताल के कामकाज के बारे में प्रशासक मनोज मट्टू द्वारा जानकारी दी गई। कांग्रेस नेता ने अस्पताल द्वारा संचालित एक नयी एम्बुलेंस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। यात्रा के दौरान, गांधी ने इंदिरा गांधी कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रगति की समीक्षा की। इस परियोजना से राहुल गांधी निजी तौर पर जुड़े हुए हैं और इसे अपने सपने की परियोजना मानते हैं। उन्होंने यहां विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत की और संस्थान की गतिविधियों का जायजा लिया।