हिमाचल में गर्मी का कहर, तापमान 40 पार; आंधी और बारिश का येलो अलर्ट

Himachal Pradesh Mausam: हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में जहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने ऊना और कुल्लू जिलों में अगले 24 घंटों में लू चलने की चेतावनी दी है।

Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। मैदानी इलाकों में जहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी ने दस्तक दे दी है। मंगलवार को प्रदेशभर में तेज धूप और खासतौर पर बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। ऊना में पिछले तीन दिन से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज़ किया जा रहा है। मौसम विभाग ने ऊना और कुल्लू जिलों में अगले 24 घंटों में लू चलने की चेतावनी दी है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पहली मई से बारिश की उम्मीद

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पहली मई से बादलों के बरसने से राहत मिलने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशनों जैसे शिमला और मनाली में भी इस बार अप्रैल में गर्मी का असर अधिक देखा जा रहा है।

रातें भी गर्म

दिन के साथ-साथ रातें भी अब गर्म होने लगी हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान बीती रात 0.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री, नाहन में 16.7, सोलन में 15 और कांगड़ा में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान सबसे कम

वहीं केलंग में न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.5 डिग्री रहा। इसी तरह शिमला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मनाली में रात का तापमान 9.7 डिग्री रहा जो सामान्य से अधिक है।

बीती रात चली तेज हवाएं पर नहीं हुई बारिश

हालांकि बीती रात प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं जरूर चलीं, लेकिन बारिश की कोई सूचना नहीं है। किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में 54 किलोमीटर प्रति घंटे और शिमला के कोटखाई में 44 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चला लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ है।

मई में बारिश और तूफान लाएगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक मई से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में वर्षा का नया दौर शुरू होगा। विभाग ने एक, दो और तीन मई के लिए बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने की चेतावनी दी गई है।

तेज हवाएं चलने की संभावना

चार और पांच मई को भी मौसम खराब रहने की संभावना है जब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।

फसलों को नुकसान की आशंका

मौसम में अचानक आए इस बदलाव का असर किसानों पर भी पड़ने वाला है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में इन दिनों गेहूं की कटाई का काम जोरों पर है। ऐसे में एक मई से शुरू होने वाली बारिश और तूफान की स्थिति में फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। विशेष रूप से यदि बारिश तेज होती है या आंधी आती है तो कटाई की गई गेहूं की फसल बर्बाद हो सकती है।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

www.livehindustan.com