नई-नई लड़कियों का शौकीन है पति, मेरी और बेटे की हत्या करवा देगा, थाने पहुंची पत्नी ने लिखाई रिपोर्ट
मेरा पति धन और वैभव दिखा कर नई लड़कियों को अपने चंगुल में फंसा कर उनका शारीरिक शोषण करता है। कई महिलाओं से उसके संबंध हैं। विरोध पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

मेरा पति धन और वैभव दिखा कर नई लड़कियों को अपने चंगुल में फंसा कर उनका शारीरिक शोषण करता है। कई महिलाओं से उसके संबंध हैं। विरोध पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। कहता है तुम्हारी और बेटे की सुपारी देकर हत्या करवा दूंगा। धन होने के चलते उसका कुछ नहीं होता। ये आरोप हनुमंत विहार निवासी महिला ने अपने सराफ पति पर लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हनुमंत विहार थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट के अनुसार, पति अपने मां-बाप की इकलौती संतान हैं। बड़ा ज्वैलर्स शोरूम है। रुपये होने के चलते वह नई लड़कियों को फंसा कर उनसे संबंध बनाता है। फिर पैसे देकर मुंह बंद कर देता है। पीड़िता के मुताबिक उनकी शादी अप्रैल 2018 को हुई थी। इस दौरान एक बेटा भी हुआ। हालांकि ससुरालीजन दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे, जिसके चलते वह मायके चली गई और वर्ष 2022 में घरेलू हिंसा, व भरण-पोषण का केस दाखिल किया।
पति ने भी 2022 में तलाक का मुकदमा दाखिल कर रखा है। जिसकी सुनवाई चल रही है। विवाहित होने के बावजूद पति ने दूसरी महिला से विवाह कर लिया है। अब पति हत्या की धमकी दे रहा है। हनुमंत विहार थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपों की जांच की जा रही है।