पहलगाम हमले के विरोध हिंदू संगठन उतरा मेरठ की सड़कों पर, बंद कराया बाजार
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन हिंदू समाज के विभिन्न संगठनों के लोग मेरठ में सड़कों पर उतरे। सबसे पहले सुबह के समय आबूलेन बाजार को बंद कराया। इस दौरान पुलिस से नोंकझोक हुई।

पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में यूपी के मेरठ में हिन्दू संगठनों में आक्रोश है। जिले में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन हिंदू समाज के विभिन्न संगठनों के लोग मेरठ में सड़कों पर उतर आए। विरोध जताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित हिन्दू संगठनों के सदस्यों ने सबसे पहले सुबह के समय आबूलेन बाजार को बंद कराया। इस दौरान पुलिस से संठगन के सदस्यों के हल्की नोंकझोंक भी हुई। इसके बाद पाकिस्तान और आतंकवाद विरोधी नारेबाजी करते हुए लोग बेगमपुल(भारत माता) चौराहे पर पहुंचे। चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए सड़क को जाम करने की कोशिश की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद में प्रदर्शनकारियों ने बेगमपुल चौराहे पर ही आतंकवाद का पुतला फूंका। इसके साथ ही मानव श्रृंखला बनाकर बेगमपुल चौराहे को जाम कर दिया।
विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल ने गुरुवार को बेगमपुल चौराहे पर इस्लामिक आतंकवाद का पुतला दहन का ऐलान किया था। सुबह से ही कार्यकर्ता बेगमपुल पर पहुंच गए। सबसे पहले आबूलेन बाजार को ही खुलने नहीं दिया। दुकानों के सामने जाकर बंद कराने की कोशिश की। इसके बाद हिन्दू संगठन के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए बेगमपुल चौराहे पर पहुंच गए। पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी की।
इसके बाद आतंकवाद का पुतला फूंका। चौराहे को जाम करने को लेकर पुलिस से जमकर नोंकझोंक हो गई। पुलिस अधिकारी समझाते रहे कि बेगमपुल जाम होगा तो दिल्ली तक जाम लग जाएगा। लोगों ने एक नहीं सुनी। मानव श्रृंखला बनाकर बेगमपुल चौराहे को जाम कर दिया।