दिल्ली में भीषण गर्मी का टॉर्चर, मौसम का सबसे गर्म दिन रहा सोमवार; 28 अप्रैल तक का हाल
Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में सोमवार इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान इस सीजन में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड दर्ज हुए। मौसम विभाग का अनुमान है कि दो-तीन दिनों के बीच भी मौसम का यह रुख बना रहेगा।

Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में सोमवार इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान इस सीजन में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड दर्ज हुए। मौसम विभाग का अनुमान है कि दो-तीन दिनों के बीच भी मौसम का यह रुख बना रहेगा। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से ही तेज धूप निकली रही। दिन में 11 बजे के बाद से ही लोगों का घरों से बाहर निकलना मुहाल होने लगा।
दोपहर के समय झुलसाने वाली हवा के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया। खासतौर पर खुले में काम करने वाले दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा मुसीबत का सामना करना पड़ा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा है। यह इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान है। इससे पहले आठ अप्रैल और 18 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो सबसे ज्यादा रहा था।
कई स्थानों पर 41 के पार हुआ पारा
दिल्ली में कई स्थानों पर सोमवार को अधिकतम पारा 41 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के रिज क्षेत्र में अधिकतम पारा 41.9 डिग्री रहा। पालम में 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पीतमपुरा की रात सबसे ज्यादा गर्म रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री रहा।
42 डिग्री तक जाएगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि साफ आसमान और तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान में अभी इजाफा होगा और यह 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
खराब श्रेणी में दिल्ली की हवा
गर्म और सूखे मौसम का असर प्रदूषण पर भी देखने को मिल रहा है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सोमवार को समग्र तौर पर दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 205 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले रविवार को यह सूचकांक 140 अंक पर था।
अगले सात दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को तेज धूप निकलेगी। इस दौरान 16 किलोमीटर की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। बुधवार से शुक्रवार तक गर्मी लोगों को परेशान करेगी। तापमान 42-44 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। रविवार को भी बादलों का डेरा रहेगा। सोमवार को एक बाद फिर चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ेगा और तापमान 45 डिग्री से ऊपर जा सकता है।
www.livehindustan.com