Delhi Weather : दिल्ली में 10 डिग्री तक गिरा पारा, आंधी-बारिश ने दिलाई तपती गर्मी से राहत

दिल्ली-एनसीआर वालों को शुक्रवार शाम आई आंधी-बारिश की वजह से तपती गर्मी से राहत मिली। बारिश होने की वजह से न केवल तापमान कम हुआ, बल्कि प्रदूषण भी कुछ हद तक साफ हो गया। शनिवार को भी दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार हैं।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। हिन्दुस्तानSat, 19 April 2025 05:33 AM
share Share
Follow Us on
Delhi Weather : दिल्ली में 10 डिग्री तक गिरा पारा, आंधी-बारिश ने दिलाई तपती गर्मी से राहत

दिल्ली-एनसीआर वालों को शुक्रवार शाम आई आंधी-बारिश की वजह से तपती गर्मी से राहत मिली। बारिश होने की वजह से न केवल तापमान कम हुआ, बल्कि प्रदूषण भी कुछ हद तक साफ हो गया। शनिवार को भी दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार हैं।

दिल्ली में शुक्रवार को धूप खिलने के साथ अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 4.2 डिग्री अधिक है। हालांकि, शाम होते-होते हवाएं चलने लगीं और देर शाम बारिश भी होने लगी। 

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को हल्की वर्षा या बूंदाबांदी तथा गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने और धूल भरी आंधी आने की संभावना है। शाम के समय 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

दस डिग्री तक नीचे आया पारा

दिल्ली में शाम को आए आंधी-तूफान के बाद तापमान में खासी गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ जगहों पर 10 डिग्री तक की गिरावट आई है। शाम साढ़े छह बजे से लेकर रात साढ़े नौ बजे के बीच पीतमपुरा में तापमान 37 डिग्री से गिरकर 27 डिग्री पर आ गया। पूसा में 36 डिग्री से गिरकर तापमान 27 डिग्री पर आ गया। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, मयूर विहार आदि क्षेत्रों में भी तापमान में इसी तरह की गिरावट दर्ज की गई है।

www.livehindustan.com