गर्मी और उमस का डबल अटैक, महाराष्ट्र में मौसम ने किया बेहाल; मुंबई का क्या हाल

Maharashtra Weather Updates: पूरा महाराष्ट्र इस वक्त भीषण गर्मी की चपेट में है। मुंबई में सूरज मानो आसमान से सीधे जमीन पर आग बरसा रहा हो। औसत तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच है, लेकिन उससे भी ज्यादा तकलीफ शहर का दमघोंटू और उमस भरा मौसम दे रहा है। गर्मी इतनी तीव्र है कि मुंबईकरों को अपना शहर भट्टी की तरह लग रहा है।

समंदर किनारे आसमान में हल्के बादल जरूर हैं, लेकिन गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही। सुबह और शाम के वक्त भी लोग पसीने-पसीने हो रहे हैं और बेचैनी महसूस कर रहे हैं। केवल मुंबई ही नहीं, बल्कि राज्य के विदर्भ, मराठवाडा और मध्य महाराष्ट्र में भी पारा 40 डिग्री के करीब या उससे ऊपर पहुंच चुका है। कुछ जगहों पर तापमान ने 42 डिग्री का आंकड़ा भी पार कर लिया है, जिससे आम लोगों का हाल बेहाल है।

पहाड़ी इलाकों में भी बढ़ी गर्मी

हैरानी की बात ये है कि ठंडी और हवादार पहाड़ी इलाकों में भी अब गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। इससे यह चिंता और भी बढ़ गई है कि अगर यही हाल रहा तो राज्य में लू और हीट स्ट्रोक के मामलों में तेजी आ सकती है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है।

उमस से नहीं मिल रहा है छुटकारा

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान से लेकर कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु तक एक लो-प्रेशर बेल्ट बन रहा है। इसके चलते मौसम में कुछ बदलाव की संभावना जरूर है, लेकिन भारी बारिश के आसार नहीं हैं। सिर्फ हल्की बदली हो सकती है, लेकिन इससे गर्मी में राहत नहीं बल्कि और ज्यादा उमस पैदा होगी। मराठवाडा और मध्य महाराष्ट्र में उमस और गर्म हवा की दोहरी मार लोगों को थका रही है। बढ़ी हुई नमी से लोगों को ज्यादा पसीना आ रहा है और शरीर जल्दी थक जा रहा है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

www.livehindustan.com