व्यापाारियों को डिजिटल कार्यक्रमों का दिया गया प्रशिक्षण
Kanpur News – कानपुर में मर्चेंट्स चेंबर ऑफ उत्तर प्रदेश ने ‘ट्रेड कनेक्ट पोर्टल’ पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य व्यापारियों को डिजिटल पहलों और आधुनिक तकनीकी साधनों से जोड़ना था। डीजीएफटी…

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। मर्चेंट्स चेंबर ऑफ उत्तर प्रदेश ने गुरुवार को मर्चेंट चेंबर हॉल में ‘ट्रेड कनेक्ट पोर्टल पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम किया। इसका उद्देश्य विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की डिजिटल पहलों और कार्यक्रमों की जानकारी और उसे व्यापारियों के बीच प्रसारित करने के साथ उन्हें आधुनिक तकनीकी साधनों से जोड़ना था। कार्यक्रम का शुभारंभ डीजीएफटी के सहायक महानिदेशक राजन जोशी ने दीप जलाकर किया। संचालन चेंबर सचिव महेंद्र मोदी ने किया। मर्चेंट चेंबर हॉल के निर्यात एवं आयात समिति के अध्यक्ष तरुण गर्ग ने व्यापारियों को ज्यादा से ज्यादा इस पहल का लाभ लेने की अपील की। राजन जोशी ने ट्रेड कनेक्ट पोर्टल की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और सुविधाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। बताया कि भारत से माल निर्यात करने के लिए सर्टिफिकेट ऑफ ओरिजिन सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। यह पहले चैंबर द्वारा ऑफलाइन जारी होता था लेकिन अब इसे ऑनलाइन कर दिया गया है। निर्यातक इसे बिना किसी परेशानी के अपने कार्यालय में बैठकर ऑनलाइन जारी करवा सकते हैं। इससे व्यापारिक संवाद को अधिक पारदर्शी, तेज और सरल बनाया जा सकेगा। आलोक श्रीवास्तव, योगेश दुबे, रूफी वाकी, सुशील शर्मा मौजूद रहे।