Delhi Weather : दिल्ली में दो दिन की राहत के बाद आज से फिर बरसेगी आग; कितना चढ़ेगा पारा
पिछले दो दिन खुशनुमा मौसम, हल्की बारिश और तेज हवा के बाद राजधानी दिल्ली के लोगों को फिर गर्मी सताएगी। मौसम विभाग ने 16 से 18 अप्रैल तक लू की आशंका व्यक्त की है।

पिछले दो दिन खुशनुमा मौसम, हल्की बारिश और तेज हवा के बाद राजधानी दिल्ली के लोगों को फिर गर्मी सताएगी। मौसम विभाग ने 16 से 18 अप्रैल तक लू की आशंका व्यक्त की है।
इस बीच जहां 20-30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेंगी, वहीं अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। तापमान बढ़ने की प्रक्रिया रविवार से ही शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग ने रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
राजधानी के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में शनिवार को कमी दर्ज की गई। दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहे और सुबह कुछ स्थानों पर मामूली बारिश दर्ज की गई। हालांकि दिन में कहीं बारिश नहीं हुई।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार सुबह साढ़े 8 बजे से शनिवार सुबह साढ़े 8 बजे के बीच 0.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के कई अन्य मौसम केंद्रों ने इस अवधि के दौरान हल्की बारिश की सूचना दी। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री दर्ज किया गया यह सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गाड़ी पर गिरा पेड़, बुजुर्ग बाल-बाल बचे
दिल्ली में विभिन्न जगहों पर पेड़ गिरने की शिकायतें लोगों ने नगर निगम प्रशासन से की। शुक्रवार और शनिवार को कई स्थानों में पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं। लोगों के अनुसार आंधी के प्रभाव के कारण आईपी एक्सटेंशन में शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे एक पेड़ वहां से गुजर रही गाड़ी पर अचानक गिर गया। हादसा जिस वक्त हुआ उस वक्त गाड़ी में बुजुर्ग दंपती सवार थे। गनीमत यह रही कि दोनों दुर्घटना में सही सलामत बच गए। यह पेड़ आंधी की वजह से शुक्रवार रात को थोड़ा झुक गया था। शनिवार को यह अचानक कार पर आ गिरा।
www.livehindustan.com