70 की स्पीड से चलेंगी हवाएं, गरज-चमक के साथ होगी बारिश; दिल्ली में आज ऑरेंज अलर्ट जारी

दिल्ली में शुक्रवार को भी गरज-चमक और धूल भरी आंधी की संभावना है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
राजधानी दिल्ली में गुरुवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने से उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, शाम को हल्की बारिश और तेज हवाओं से मौसम खुशनुमा हो गया। शाम 4:30 से 5:30 के बीच हुई हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। शुक्रवार को भी दिल्ली में गरज-चमक और धूल भरी आंधी की संभावना है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 50 से 60 किलोमीटर और बाद में 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बता दें कि, ‘ऑरेंज अलर्ट’ बताता है कि मौसम खराब हो सकता है, इसलिए लोगों को सतर्कता बनाए रखनी चाहिए।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है।
राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मौसम संबंधी जानकारी देने वाली संस्था स्काईमेट के अनुसार दिल्ली में लगातार तीसरे दिन शुष्क मौसम बना रहा, हालांकि तापमान और उमस में बढ़ोतरी हुई। पूर्वी हवाएं और चक्रवाती परिसंचरण के चलते गुरुवार शाम को हल्की बारिश और हवाएं चलीं।
गुरुवार को पालम हवाई अड्डे पर पिछले 24 घंटों में 27 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दक्षिणी पश्चिमी हवाएं चलीं जो शाम 5:30 बजे बढ़कर 46 किलो मीटर प्रतिघंटा की गति की हो गईं।
मॉनसून के लिए तैयार रहें अफसर : एलजी
दिल्ली उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार को कमला नेहरू रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने डीडीए और पीडब्ल्यूडी के अफसरों को क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, यहां की जैव विविधता संरक्षण के कार्यों को जल्द से जल्द लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने अफसरों को युद्धस्तर पर मॉनसून की तैयारी की योजना लागू करने का भी निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने सद्भावना पार्क में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
‘राजेंद्र नगर में पानी की निकासी का इंतजाम करें’
वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट ने भी मॉनसून सीजन को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को एमसीडी व पीडब्ल्यूडी को साथ बैठकर ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में बरसाती पानी की निकासी के काम को तेज करने को कहा है। इस इलाके में पिछले साल एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में सिविल सेवा के तीन अभ्यर्थी डूब गए थे। चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय व जस्टिस तुषार राव गेडेला की बेंच ने अफसरों को किसी भी लापरवाही या कमी के खिलाफ आगाह भी किया है।
www.livehindustan.com